पंजाब-चंडीगढ़ में फिर बरसेंगे बादल, ओलावृष्टि और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी

पंजाब में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. हालांकि इससे लोगों को राहत तो मिली लेकिन तेज आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया. आज भी कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है.

ANI
Shanu Sharma

चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत तो मिली है, लेकिन तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि आंधी की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को रुक-रुक कर हुई बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई. अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिसके बाद यह सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे पहुंच गया. हालांकि प्रदेश में सबसे अधिक तापमान अबोहर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

छह जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम में आए इस बदलाव का असर बिजली की खपत पर भी दिखाई दिया. गर्मी कम होने के कारण बिजली की मांग में 76 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ऊर्जा क्षेत्र को भी अस्थायी राहत मिली है. चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पूरे पंजाब में शुक्रवार को बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है.


विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, बठिंडा और मानसा जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई है. इसके अलावा कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की गई है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है.

तेज आंधी बनी आफत, अमृतसर में एक की मौत

अमृतसर के जंडियाला गुरु क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के दौरान दो बाइक सवार संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े. वहीं एक स्थान पर दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. पठानकोट में अमृतसर नेशनल हाईवे पर एक बड़ा पेड़ गिर जाने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. इससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार रात 8 से 9 बजे के बीच पंजाब के कई जिलों में तेज आंधी दर्ज की गई. तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई. मौसम विभाग ने 13 से लेकर 15 जून तक लगातार बारिश की संभावना जताई है.