Asian Games 2026

बीजेपी नेता रवनीत बिट्टू हिरासत के बाद रिहा, सीएम मान के खिलाफ 'अंडा-टमाटर' लेकर किया था प्रदर्शन

लुधियाना में सीएम भगवंत मान के काफिले के सामने अंडे और टमाटर लेकर प्रदर्शन करने पर बीजेपी नेता रवनीत बिट्टू को पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में रिहा कर दिया.

X
Sagar Bhardwaj

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू को शनिवार को पंजाब पुलिस ने लुधियाना में हिरासत में ले लिया. यह कार्रवाई तब हुई जब बिट्टू पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) के गेट के पास किसान मेले में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले के सामने अंडे और टमाटर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. हालांकि, बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया.

 एक दिन पहले काफिले पर हुए हमले का जवाब

रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को जब वे बीजेपी की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के लिए पठानकोट जा रहे थे, तब उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके गए थे. उन्होंने इस हमले का जिम्मेदार आम आदमी पार्टी सरकार को ठहराया था. बिट्टू ने कहा कि वे मान सरकार को वही अंडे और टमाटर वापस लौटाने आए थे.

लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की चेतावनी

प्रदर्शन के बाद रवनीत बिट्टू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर 'आप' कार्यकर्ता बीजेपी के कार्यक्रमों और रैलियों में बाधा डालेंगे, तो बीजेपी कार्यकर्ता भी चुप नहीं बैठेंगे. उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई के जरिए राजनीतिक विरोध को दबाया नहीं जा सकता. बीजेपी पंजाब के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के बाहर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगी.


मान सरकार और पुलिस पर साधा निशाना

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते रवनीत बिट्टू ने इस पूरी घटना की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को देने की बात कही. उन्होंने कहा कि यदि उन्हें या उनके साथियों को कुछ भी होता है, तो इसके जिम्मेदार मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के डीजीपी होंगे. पंजाब पुलिस के अनुसार, बिट्टू को काफिले पर अंडे और टमाटर फेंकने के प्रयास के कारण हिरासत में लिया गया था.