पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन को नई ताकत देने की शुरुआत कर दी है. प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कई संगठनात्मक जिलों के लिए नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की है. पार्टी का कहना है कि यह फैसला बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लिया गया है.
भारतीय जनता पार्टी पंजाब ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए विभिन्न जिलों के लिए नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है. प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इन नामों की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य हर जिले और हर बूथ तक अपनी पहुंच को मजबूत करना है. उन्होंने बताया कि इन नियुक्तियों को भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद अंतिम रूप दिया गया है. पार्टी का मानना है कि नए जिला अध्यक्ष अपने अनुभव और मेहनत के दम पर संगठन को और मजबूत करेंगे. भाजपा आने वाले चुनावों से पहले अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आम लोगों तक केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दे रही है.
नई सूची में अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर, कपूरथला, बरनाला, फाजिल्का, तरनतारन, रूपनगर, संगरूर और श्री मुक्तसर साहिब समेत कई जिलों में नए जिला अध्यक्ष बनाए गए हैं. लुधियाना शहरी की जिम्मेदारी सुनील मौदगिल को दी गई है. वहीं फरीदकोट में गौरव कक्कड़ को दोबारा जिला अध्यक्ष बनाया गया है. पार्टी कार्यकर्ताओं ने इन नियुक्तियों का स्वागत किया है. भाजपा का कहना है कि हर जिले में स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करना उसकी प्राथमिकता है, ताकि संगठन और जनता के बीच सीधा संपर्क बना रहे. नए जिला अध्यक्षों को जल्द ही संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ चुनावी रणनीति पर भी काम शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे.
लुधियाना शहरी के नए जिला अध्यक्ष बने सुनील मौदगिल लंबे समय से भाजपा के सक्रिय नेता रहे हैं. नगर निगम की राजनीति में उनकी मजबूत पहचान है और वह वर्तमान में वार्ड नंबर 62 से पार्षद हैं. संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और पार्टी के विरोध प्रदर्शन में उनकी लगातार सक्रिय भूमिका रही है. पेशे से कारोबारी सुनील मौदगिल ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है. भाजपा नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव का फायदा चुनावी तैयारियों में मिलेगा. प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सभी नए जिला अध्यक्षों से पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ काम करने की अपील की है. उन्होंने भरोसा जताया कि पूरी टीम मिलकर पंजाब में पार्टी के संगठन को और मजबूत बनाएगा.