menu-icon
India Daily

PU छात्रसंघ चुनाव में ABVP का दबदबा, अंकित बिढान बने अध्यक्ष; लगातार दूसरी बार दर्ज की जीत

पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में ABVP के अंकित बिढान ने अध्यक्ष पद जीत लिया. मतदान के दौरान लॉ विभाग में गेट समय से पहले बंद करने के आरोप पर छात्रों ने हंगामा किया और पुलिस से झड़प हुई.

KanhaiyaaZee
PU छात्रसंघ चुनाव में ABVP का दबदबा, अंकित बिढान बने अध्यक्ष; लगातार दूसरी बार दर्ज की जीत
Courtesy: ANI

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े कॉलेजों में सोमवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हुआ. कैंपस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और मतदान के बाद मतगणना शुरू हुई. अध्यक्ष पद के मुकाबले में ABVP के अंकित बिढान ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और अंत में जीत दर्ज की. इस बीच लॉ विभाग के बाहर मतदान प्रक्रिया को लेकर छात्रों ने विरोध किया. उनका आरोप था कि निर्धारित समय से पहले गेट बंद कर दिए गए, जिससे कई विद्यार्थी वोट नहीं डाल सके.

पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल के अध्यक्ष पद पर ABVP के अंकित बिढान ने जीत हासिल की. चुनाव में उनका मुकाबला NSUI के गुरमन सिंह सिद्धू, AAP समर्थित ASAP के आदिल बराड़ और SATH के दर्शनप्रीत सिंह से था. मतगणना के दौरान बिढान ने लगातार बढ़त बनाए रखी. आखिरकार उन्होंने अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया.

लॉ विभाग में मतदान को लेकर बवाल

मतदान के दौरान पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग के बाहर स्थिति तनावपूर्ण हो गई. छात्रों का आरोप था कि मतदान का समय सुबह 11 बजे तक था, लेकिन विभाग का गेट करीब 10 बजे ही बंद कर दिया गया. कई विद्यार्थियों ने कहा कि वे ट्रैफिक और दूसरे कारणों से देर से पहुंचे थे. मतदान का मौका नहीं मिलने पर छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी और विरोध बढ़ गया.

पुलिस से हुई छात्रों की झड़प

विरोध कर रहे छात्रों ने लॉ विभाग का दरवाजा खोलने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई. पुलिस जब मतपेटी को वहां से ले जाने लगी तो छात्रों ने उसे रोकने का प्रयास किया. बाद में पुलिस की मौजूदगी में मतपेटियां वहां से ले जाई गईं. छात्रों की मांग थी कि मतदान से वंचित विद्यार्थियों को वोट डालने का अवसर दिया जाए.

कॉलेजों में भी सामने आए नतीजे

चंडीगढ़ के कई कॉलेजों में मतदान और मतगणना के बाद परिणाम सामने आए. सेक्टर-32 के GGDSD कॉलेज में अभिराज सिंह ने अध्यक्ष पद जीता, जबकि सेक्टर-46 के PGGC में परमिंदर सिंह निर्वाचित हुए. देव समाज कॉलेज फॉर वूमेन में परनीत कौर अध्यक्ष बनीं. सेक्टर-26 के श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज में नवजोत सिंह ने अध्यक्ष पद हासिल किया.

छुट्टियों का मतदान पर असर

चुनाव से जुड़े लोगों के मुताबिक लगातार त्योहारों और छुट्टियों का असर मतदान प्रतिशत पर भी पड़ा. रक्षाबंधन के बाद कई विद्यार्थी अपने घरों या दूसरे शहरों में चले गए थे. आगामी जन्माष्टमी को लेकर भी बड़ी संख्या में छात्रों के शहर से बाहर होने की बात कही गई. इसका असर कॉलेजों में मतदान प्रतिशत पर दिखाई दिया. कुछ संस्थानों में करीब 25 से 40 प्रतिशत के बीच मतदान दर्ज किया गया.