PM Modi Punjab Visit: 6 महीने में दूसरी बार जालंधर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री मोदी, दो बड़े प्रोजेक्ट्स की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को छह महीने में दूसरी बार जालंधर दौरे पर पहुंचेंगे. इस दौरान वह जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नई इमारत का उद्घाटन करेंगे और अमृतसर के छेहरटा से वाराणसी तक चलने वाली श्री गुरु रविदास महाराज के नाम पर नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब के जालंधर दौरे पर रहेंगे. छह महीने के भीतर यह उनका दूसरा जालंधर दौरा होगा. इस बार प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नई इमारत का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही अमृतसर के छेहरटा से वाराणसी तक शुरू की जा रही श्री गुरु रविदास महाराज के नाम वाली नई ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे. प्रधानमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक हलकों में भी अहम माना जा रहा है. उनके कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भी देखा जा रहा है. हालांकि आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन और पार्टी संगठन ने तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं. सुरक्षा और आयोजन से जुड़े इंतजाम तेजी से पूरे किए जा रहे हैं.
फरवरी के बाद फिर जालंधर आएंगे प्रधानमंत्री
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक फरवरी को श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर जालंधर स्थित सचखंड डेरा बल्लां पहुंचे थे. वहां उन्होंने गद्दीनशीन संत श्री 1008 स्वामी निरंजन दास महाराज से मुलाकात की थी. इसी दौरे के दौरान आदमपुर सिविल एयरपोर्ट का नाम बदलकर 'गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट' रखने की घोषणा भी की गई थी.
रेलवे स्टेशन और नई ट्रेन का होगा उद्घाटन
17 जुलाई के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नई इमारत का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा अमृतसर के छेहरटा से वाराणसी तक संचालित होने वाली श्री गुरु रविदास महाराज के नाम पर नई ट्रेन को भी रवाना करेंगे. दोनों परियोजनाओं को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है और स्थानीय स्तर पर इनके उद्घाटन की तैयारियां तेज हैं.
Also Read
समारोह स्थल पर बड़े स्तर की तैयारी
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर बड़े पैमाने पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं. समारोह स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा है, जहां पांच हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. आयोजन स्थल को अंतिम रूप देने का काम लगातार जारी है.
SPG ने संभाली सुरक्षा की कमान
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने मोर्चा संभाल लिया है. समारोह स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है और कुछ क्षेत्रों में आम लोगों की आवाजाही पर पहले से ही रोक लगा दी गई है. पंडाल और मंच तैयार करने की जिम्मेदारी गुजरात की एक फर्म को सौंपी गई है.
प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा
सोमवार को डिप्टी कमिश्नर वरजीत सिंह वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की. जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर बाद जालंधर पहुंचेंगे. इससे पहले वह हरियाणा के जींद में हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में शामिल होंगे.