'एक्स-वाइफ और जिंदगी की महिला का सम्मान करना ही मर्दानगी', पंजाबी सिंगर परमीश वर्मा ने कन्फर्म किया तलाक, 5 साल की शादी टूटी
पंजाबी सिंगर परमीश वर्मा ने पत्नी गीत ग्रेवाल से तलाक की पुष्टि कर दी है. सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने पूर्व पत्नी के सम्मान और मर्दानगी पर बात की, वहीं हरमन बराड़ से रिश्ते की चर्चाएं भी तेज हैं.
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित नाम परमीश वर्मा ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पत्नी गीत ग्रेवाल से तलाक की पुष्टि की. दोनों ने 2021 में शादी की थी और उनकी एक बेटी भी है.
5 साल की शादी के बाद हुआ तलाक
परमीश वर्मा और गीत ग्रेवाल ने 21 अक्टूबर 2021 को कनाडा में शादी की थी. इसके बाद भारत में दोनों ने शानदार रिसेप्शन भी दिया था. गीत ग्रेवाल कनाडा में वकील और पूर्व राजनीतिक उम्मीदवार हैं. दोनों की एक बेटी है. हालांकि करीब एक साल से उनके रिश्ते में दूरी की खबरें सामने आ रही थीं. जनवरी 2026 में दोनों के अलग होने से जुड़ा कथित दस्तावेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, लेकिन तब दोनों ने इस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी थी. अब परमीश की पोस्ट के बाद तलाक की बात स्पष्ट हो गई है.
परमीश ने पोस्ट में मर्दानगी पर क्या कहा
परमीश वर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि किसी रिश्ते के टूटने के बाद पुरुष को आसानी से दोषी या खलनायक बना देना सबसे आसान तरीका होता है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने मुश्किल समय का सामना खुद किया और अपने फैसलों के परिणामों की जिम्मेदारी भी उठाई. सिंगर ने यह भी लिखा कि अपनी पूर्व पत्नी का सम्मान करना और आज जिंदगी में मौजूद महिला का सम्मान करना भी मर्दानगी का हिस्सा है. उन्होंने कड़वाहट को पुरुषत्व मानने से इनकार किया और कहा कि भीड़ की तालियों से ज्यादा वह अपने सिद्धांतों पर कायम रहने को महत्व देते हैं.
Also Read
- चीफ जस्टिस की नियुक्ति पर पंजाब सरकार का बगावत वाला रुख, भगवंत मान ने बुलाई इमरजेंसी कैबिनेट मीटिंग
- लंदन में ड्राइविंग सीखते समय मुस्लिम के संपर्क में आई पंजाबी सिख युवती, धर्म परिवर्तन का लगा आरोप; 2 बीवियों के पति से की शादी
- ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए बड़ा शटडाउन, सुबह 8 से 12 बजे तक पावर कट
हरमन बराड़ से जुड़ी चर्चाओं ने बढ़ाया सस्पेंस
तलाक की पुष्टि के बाद परमीश वर्मा की निजी जिंदगी में एक और नाम चर्चा में है. उनका नाम एक्ट्रेस और मॉडल हरमन बराड़ के साथ जोड़ा जा रहा है. दोनों के सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो सामने आने के बाद फैंस उनके रिश्ते को लेकर सवाल कर रहे हैं. हरमन के जन्मदिन पर परमीश की 'Happy Birthday Love' पोस्ट ने इन चर्चाओं को और हवा दी. हालांकि दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है. इसलिए फिलहाल इसे सिर्फ सोशल मीडिया पर चल रही अटकल माना जा रहा है.
कौन हैं परमीश वर्मा और गीत ग्रेवाल
परमीश वर्मा पंजाबी सिंगर, एक्टर और म्यूजिक वीडियो डायरेक्टर हैं. पटियाला में जन्मे परमीश ने अपने करियर की शुरुआत म्यूजिक वीडियो डायरेक्शन से की थी. बाद में उन्होंने गायकी और एक्टिंग में भी पहचान बनाई. 'गाल नी कड़नी', 'शादा' और '4 यार' जैसे गानों ने उन्हें लोकप्रिय बनाया, जबकि फिल्म 'रॉकी मेंटल' से उन्होंने अभिनय की शुरुआत की. वहीं गीत ग्रेवाल, जिन्हें गुनीत ग्रेवाल के नाम से भी बताया जाता है, कनाडा में वकील हैं. उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ लीसेस्टर से कानून की पढ़ाई की और क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी लंदन से लॉ में मास्टर्स किया. 2021 में उन्होंने कनाडा का फेडरल चुनाव भी लड़ा था.