पंजाब में कमजोर पड़ा मानसून, 35 फीसदी वर्षा कम; तीन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट

पंजाब में मानसून की रफ्तार कमजोर बनी हुई है. 1 जून से 10 अगस्त तक राज्य में सामान्य से करीब 35 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है. मौसम विभाग ने मंगलवार को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

ANI
Shanu Sharma

पंजाब में मानसून का असर फिलहाल कमजोर नजर आ रहा है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 10 अगस्त के बीच राज्य में केवल 181.2 मिलीमीटर बारिश हुई है. इस अवधि में सामान्य तौर पर 279.1 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. यानी पंजाब में अब तक सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है.

बारिश की कमी के बीच कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन उमस का असर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगर आने वाले दिनों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.

आज तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने मंगलवार, 11 अगस्त को पंजाब के तीन जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इन जिलों के अलावा राज्य के बाकी हिस्सों के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है. हालांकि, कई स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. ऐसे में कुछ इलाकों में मौसम सुहावना हो सकता है, जबकि बारिश से वंचित क्षेत्रों में उमस बनी रहने की संभावना है.


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 अगस्त को पूरे पंजाब में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि मंगलवार के बाद बारिश की गतिविधियां कुछ कमजोर पड़ सकती हैं. वहीं, 13 अगस्त को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में एक बार फिर भारी बारिश के आसार हैं. 14 अगस्त को पंजाब के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और ज्यादातर हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.

गुरदासपुर में सबसे अधिक तापमान

सोमवार को हल्की बारिश और बादल छाए रहने के कारण पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद गुरदासपुर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फरीदकोट में 35, बठिंडा में 35.2, फिरोजपुर में 34.4, कपूरथला में 34.2, लुधियाना में 33.6, अमृतसर में 33.8 और संगरूर में 33.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा.