menu-icon
India Daily

नई टाटा नेक्सन बनी मुसीबत, महिला को बार-बार लगाना पड़ा वर्कशॉप का चक्कर; अब मिलेगा ₹50 हजार मुआवजा

मोहाली उपभोक्ता फोरम ने नई टाटा नेक्सन में बार-बार आई तकनीकी और फिटिंग संबंधी शिकायतों के मामले में महिला उपभोक्ता को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है. हालांकि फोरम ने वाहन बदलने और पूरी कीमत वापस करने की मांग को स्वीकार नहीं किया.

babli
Edited By: Babli Rautela
नई टाटा नेक्सन बनी मुसीबत, महिला को बार-बार लगाना पड़ा वर्कशॉप का चक्कर; अब मिलेगा ₹50 हजार मुआवजा
Courtesy: AI

नई कार खरीदने के बाद उसमें लगातार खामियां आने से परेशान एक महिला को मोहाली उपभोक्ता फोरम से राहत मिली है. फोरम ने फैसला सुनाते हुए अधिकृत टाटा डीलर को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है. फोरम ने माना कि शिकायतकर्ता को एक ही तरह की समस्याओं के समाधान के लिए कई बार वर्कशॉप के चक्कर लगाने पड़े, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी और असुविधा हुई. हालांकि, फोरम ने वाहन बदलने और पूरी खरीद कीमत वापस करने की मांग को अस्वीकार कर दिया.

जुलाई 2022 में खरीदी थी नई टाटा नेक्सन

मोहाली के एयरोसिटी निवासी गुरपाल कौर बैंस ने अगस्त 2023 में उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि जुलाई 2022 में मोहाली स्थित अधिकृत डीलर से करीब 10.68 लाख रुपये में नई टाटा नेक्सन XM खरीदी थी. शिकायत के अनुसार, कार खरीदने के अगले ही दिन उन्हें डैशबोर्ड की फिटिंग में गैप, ढीले नट-बोल्ट, लॉक की खराब फिटिंग और इंटीरियर के कुछ हिस्सों के अपनी जगह से निकलने जैसी कई कमियां दिखाई दीं.

कई बार वर्कशॉप गईं, लेकिन समस्या बनी रही

महिला का कहना था कि उन्होंने कार की कमियों को लेकर कई बार डीलर और कंपनी को ई-मेल के जरिए शिकायत भेजी. इसके बाद वाहन को कई बार अधिकृत वर्कशॉप में भी ले जाया गया. हर बार जॉब कार्ड तैयार किए गए और वारंटी के तहत मरम्मत की गई, लेकिन शिकायतें पूरी तरह खत्म नहीं हुईं. लगातार एक ही समस्या आने से परेशान होकर उन्होंने पहले कानूनी नोटिस भेजा और फिर उपभोक्ता फोरम का रुख किया.

शिकायतकर्ता ने उपभोक्ता फोरम से वाहन की पूरी कीमत ब्याज सहित वापस दिलाने, 5 लाख रुपये हर्जाना और मुकदमे का खर्च दिलाने की मांग की थी. उनका कहना था कि नई कार होने के बावजूद उसकी गुणवत्ता और फिनिशिंग अपेक्षित स्तर की नहीं थी, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानी उठानी पड़ी.

डीलर ने क्या दी दलील

सुनवाई के दौरान अधिकृत डीलर ने कहा कि ग्राहक को बिल्कुल नई कार सौंपी गई थी और वह किसी भी तरह से डेमो वाहन नहीं थी. डीलर और कंपनी की ओर से यह भी कहा गया कि ग्राहक द्वारा बताई गई सभी शिकायतों का समय-समय पर वारंटी के तहत समाधान किया गया. इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि मई 2023 में कार एक बड़े सड़क हादसे का शिकार हुई थी, जिसके बाद दूसरे अधिकृत सर्विस सेंटर में उसके कई महत्वपूर्ण पुर्जे बदले गए थे.