मोहाली में भारतमाला एक्सप्रेस वे पर दर्दनाक हादसा, कंटेनर से टकराई कार; ऊना के तीन लोगों की मौत
मोहाली के भारतमाला एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तीन लोगों की मौत हो गई. कंटेनर से कार की टक्कर ने परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया.
पंजाब के मोहाली जिले में भारतमाला एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया. टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे कंटेनर के अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे से आ रही कार उससे टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
टोल प्लाजा के पास हुआ भीषण हादसा
पुलिस के अनुसार दुर्घटना घड़ूंआ थाना क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेस वे पर स्थित टोल प्लाजा के निकट हुई. कंटेनर के अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे से आ रही क्रेटा कार उसके पिछले हिस्से से जा भिड़ी. तेज रफ्तार और जोरदार टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
तीनों यात्रियों की मौके पर मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. कार में फंसे तीनों लोगों को काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.
Also Read
- दो शादियों के बाद तीसरी बार दुल्हा बनने चला था आरोपी हुई उम्रकैद; दुष्कर्म और 75 लाख की ठगी में अदालत का बड़ा फैसला
- पंजाब सरकार ने मानसून से पहले तेज कीं बाढ़ सुरक्षा की तैयारियां, खर्च किए 414.75 करोड़ रुपये
- पंजाब कांग्रेस ने कार्यकारी प्रधानों को सौंपी नई जिम्मेदारियां, चुनावी तैयारियों को मिलेगी रफ्तार
शादी से लौट रहा था परिवार
मृतकों की पहचान ऊना जिले के देहलां गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी सुरेश ऐरी, मैहतपुर निवासी कारोबारी प्रत्युष जैन और उनकी पत्नी के रूप में हुई है. परिवार के अनुसार तीनों जींद में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के बाद कार से ऊना लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रत्युष जैन के चाचा अश्वनी जैन ने बताया कि प्रत्युष की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी. घर में शादी की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. घटना की सूचना मिलते ही ऊना में शोक का माहौल फैल गया.
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और तकनीकी पहलुओं का भी अध्ययन किया जाएगा. हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की आवश्यकता को रेखांकित किया है.