menu-icon
India Daily

चंडीगढ़ में कत्लेआम, जिम के बाहर शख्स की गोली मारकर हत्या 24 घंटे में दूसरी फायरिंग से शहर में फैली दहशत

चंडीगढ़ में दिनदहाड़े जिम के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 24 घंटे में यह दूसरी फायरिंग है, जिससे शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
चंडीगढ़ में कत्लेआम, जिम के बाहर शख्स की गोली मारकर हत्या 24 घंटे में दूसरी फायरिंग से शहर में फैली दहशत
Courtesy: pinterest

चंडीगढ़ में अपराध की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं. बुधवार को सेक्टर इलाके में एक 31 वर्षीय युवक की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. खास बात यह है कि पिछले 24 घंटे के भीतर शहर में फायरिंग की यह दूसरी घटना है. इससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं और पुलिस पर दबाव भी बढ़ गया है.

दिनदहाड़े वारदात से दहशत

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान चरणप्रीत के रूप में हुई है, जो मुल्लांपुर इलाके का रहने वाला था. वह जिम से बाहर निकल रहा था, तभी बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे. उनमें से एक ने अचानक उस पर गोलियां चला दीं. हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए.

अस्पताल में तोड़ा दम

गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल चरणप्रीत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि उसके शरीर पर कई गोलियों के निशान मिले हैं, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

हमलावर फरार, जांच जारी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.

लगातार दूसरी फायरिंग से सवाल

एक दिन पहले भी पंजाब यूनिवर्सिटी के पास छात्र नेता पर फायरिंग की घटना सामने आई थी, हालांकि वह सुरक्षित बच गया था. लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की गहराई से जांच की जा रही है.