13 वर्षीय बच्ची निकली सात महीने की गर्भवती, जांच में घर का सदस्य ही निकला दरिंदा; फिर सामने आया एक और खौफनाक सच

पंजाब के लुधियाना में 13 वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता सात महीने की गर्भवती होने के बाद घटना का खुलासा हुआ. पुलिस के अनुसार, बच्ची जिस युवक को दूर का भाई मानकर राखी बांधती थी.

Pinterest
Reepu Kumari

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां 13 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का खुलासा उसके सात महीने की गर्भवती होने के बाद हुआ. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, बच्ची के पेट में तेज दर्द होने पर 29 जुलाई को परिजन उसे निजी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे. जांच में सात महीने की गर्भावस्था की पुष्टि हुई. इसके बाद पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.

दूर का भाई मानती थी पीड़िता

शिकायत के अनुसार, पीड़िता एक आरोपी को दूर का भाई मानती थी और उसे राखी भी बांधती थी. आरोप है कि इसी युवक ने करीब सात महीने पहले बच्ची के साथ दो बार दुष्कर्म किया. घटना के बाद वह मुंबई चला गया. पुलिस ने उसे मामले में आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया है.

दूसरे किरायेदार पर भी गंभीर आरोप

एफआईआर के अनुसार, जिस मकान में पीड़िता का परिवार रहता था, वहां रहने वाले एक अन्य किरायेदार पर भी बच्ची से दुष्कर्म करने का आरोप है. शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी. पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है.


मेडिकल जांच के बाद सामने आया मामला

घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्ची के स्वास्थ्य में दिक्कत आने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास लेकर गए. चिकित्सकीय परीक्षण में सात महीने की गर्भावस्था की पुष्टि हुई. इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और मामला दर्ज कराया गया.

दोनों आरोपी गिरफ्तार

थाना डिवीजन नंबर-6 पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया. पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) के गांव पंडित परवा निवासी श्याम लाल और बिहार के गया जिले के नवादा गांव निवासी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ जारी है.

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई

थाना प्रभारी अवनीत कौर के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. डॉक्टरों की सलाह के आधार पर आगे का उपचार और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.