menu-icon
India Daily

बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों में भिड़ंत, बीच सड़क पर गाड़ी रोककर हमला; 10 पर FIR

घटना 15 जून 2026 की बताई जा रही है. शिकायत मिलने के बाद थाना मॉडल टाउन पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों में भिड़ंत, बीच सड़क पर गाड़ी रोककर हमला;  10 पर FIR
Courtesy: Pinterest

लुधियाना में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर चला आ रहा विवाद अब हिंसक झड़प में बदल गया है. बधाई मांगने के अधिकार को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा रूप ले लिया कि बीच सड़क पर एक पक्ष की गाड़ी रोककर कथित तौर पर हमला कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया.

यह घटना 15 जून 2026 की बताई जा रही है. शिकायत मिलने के बाद थाना मॉडल टाउन पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.

बधाई मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद

शिकायतकर्ता छोटी महंत केयर उर्फ सुरेश प्रसाद के अनुसार, वह आत्म नगर क्षेत्र में बधाई मांगने गई थीं. वहां पहले से मौजूद दूसरे समूह के सदस्यों से इलाके में बधाई मांगने के अधिकार को लेकर कहासुनी हो गई. आरोप है कि उन्होंने केवल इतना कहा था कि उनके निर्धारित क्षेत्र में बधाई मांगने न आया जाए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.

बीच रास्ते गाड़ी रोककर हमला करने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ समय बाद दाना मंडी फाटकों के पास शिकायतकर्ता की ईको स्पोर्ट्स गाड़ी को रोक लिया गया. इस दौरान चालक और ढोलकी बजाने वाला व्यक्ति डर के कारण मौके से भाग गए. इसके बाद शिकायतकर्ता को वाहन से बाहर निकालकर कथित तौर पर घातक हथियारों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं.

10 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रवीना, मोना, पूजा, सुहाना, रशिका, रूबी, रहमत, हिफाजत, दिलावर मरासी (ढोलकी मास्टर) और चालक शिव कुंवर समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के साथ साथ घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी.