आजमगढ़ के छात्रों के लिए सही किताब और स्टडी मैटेरियल ढूंढना कई बार चुनौती बन जाता है. खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अपनी जरूरत के अनुसार किताबें, नोट्स और स्टेशनरी के लिए अलग-अलग दुकानों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. हालांकि शहर में कुछ ऐसे प्रमुख बाजार हैं, जहां स्कूल, कॉलेज और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी लगभग हर तरह की किताब और अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध हो जाती है. अगर आप भी आजमगढ़ में पढ़ाई कर रहे हैं, तो ये बाजार आपके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं.
शहर में कई ऐसे इलाके हैं, जहां प्रमुख शिक्षण संस्थानों की मौजूदगी के कारण बुक स्टोर और स्टेशनरी की दुकानों का अच्छा नेटवर्क विकसित हो चुका है. इन बाजारों में छात्रों को स्कूल और कॉलेज की किताबों से लेकर UPSC, UPPSC, SSC, बैंकिंग, रेलवे और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक स्टडी मैटेरियल आसानी से मिल जाता है.
आजमगढ़ में कॉपी, किताब और नोटबुक खरीदने के लिए पांडे बाजार सबसे लोकप्रिय इलाकों में गिना जाता है. यहां स्थित शिब्ली कॉलेज के कारण आसपास बड़ी संख्या में बुक स्टोर और स्टेशनरी की दुकानें मौजूद हैं. छात्रों को विभिन्न विषयों की किताबें, नोट्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सामग्री एक ही स्थान पर आसानी से मिल जाती है.
शिब्ली कॉलेज के नजदीक स्थित पहाड़पुर क्षेत्र भी विद्यार्थियों के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां कई कोचिंग संस्थान संचालित होते हैं, जिसके चलते आसपास स्टेशनरी और बुक स्टोर की अच्छी संख्या मौजूद है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए यह क्षेत्र एक बेहतर विकल्प माना जाता है.
रैदोपुर इलाके में स्थित डीएवी पीजी कॉलेज के आसपास कई पुराने और विश्वसनीय बुक स्टोर हैं. यहां कला, विज्ञान और वाणिज्य सहित विभिन्न विषयों की पाठ्य पुस्तकें और कोर्स से संबंधित स्टडी मैटेरियल आसानी से उपलब्ध हो जाता है.
एलवल आजमगढ़ का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है. यहां मौजूद पुरानी स्टेशनरी दुकानों पर स्कूल पाठ्यक्रम की किताबों के साथ साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध रहती हैं. शहर के मध्य में होने के कारण यहां पहुंचना भी आसान है.
सिधारी मार्केट प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए एक उपयुक्त स्थान माना जाता है. यहां कई स्टेशनरी शॉप और मैगजीन कॉर्नर हैं, जहां नोटबुक, मॉडल पेपर, करंट अफेयर्स मैगजीन और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें आसानी से खरीदी जा सकती हैं.