लुधियाना की फैक्ट्री में लीक हुई जहरीली गैस, पिता-पुत्र समेत 3 मजदूरों की मौत, सामने आई दिल दहला देने वाली कहानी
लुधियाना में देर रात ग्यासपुरा इलाके में स्थित एक टूल बनाने वाली फैक्ट्री में हुए गैस लीक के कारण तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. साथ ही कई मजदूर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं.
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जिसने औद्योगिक इलाकों में मजदूरों की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. दरअसल देर रात जब पूरा शहर सो रहा था तब लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में स्थित एक टूल बनाने वाली फैक्ट्री में हुए गैस लीक के कारण तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं कई अन्य मजदूरों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
फैक्ट्री में अचानक हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब मजदूर फैक्ट्री में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे और अचानक वहां जहरीली गैस का रिसाव होने लगा. गैस के प्रभाव में आने से करीब सात से आठ मजदूर वहीं बेहोश होकर गिर पड़े. इसके बाद फैक्ट्री मैनेजमेंट ने आनन-फानन में सभी प्रभावित मजदूरों को इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया.
लेकिन बेहद अफसोस की बात है कि सोमवार सुबह इलाज के दौरान तीन मजदूरों ने दम तोड़ दिया. जान गंवाने वाले इन तीन लोगों में ग्यासपुरा के रहने वाले एक पिता और उनके बेटे भी शामिल थे जिनकी पहचान मान सिंह और अमित के रूप में हुई है. तीसरे मृतक की पहचान के बारे में प्रशासन अभी पुष्टि करने में जुटा है.
मृतकों के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
इस पूरी घटना के बाद मृतकों के घरवालों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और अपनी गहरी चिंता जताई है. मान सिंह की बेटी रेनू ने बताया कि उनके पिता को देर रात काम पर बुलाया गया था. उसका आरोप है कि गैस लीक होने के बाद फैक्ट्री मालिक घायल मजदूरों को अस्पताल तो ले गए लेकिन इस आपातकालीन स्थिति के बारे में उनके परिवारों को कोई सूचना नहीं दी गई.
रेनू ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि जब सुबह उसके पिता घर नहीं लौटे तो परिवार वाले खुद पता लगाने फैक्ट्री पहुंचे. वहां उन्हें बताया गया कि गैस रिसाव की वजह से कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है. जब परिवार अस्पताल पहुंचा तब जाकर उन्हें पता चला कि मान सिंह और अमित दोनों की मौत हो चुकी है.
जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल प्रशासन और अधिकारियों ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गैस लीक होने की असली वजह क्या थी और क्या वहां सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी. इस बीच लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.
और पढ़ें
- बकाया फीस के लिए स्कूल ने इस तरह किया टॉर्चर, छात्रा ने जहर खाकर कर ली खुदकुशी; मौत से पहले वीडियो बनाकर मांगा इंसाफ
- स्कूल के स्विमिंग प्रतियोगिता में भाग लेने गया था बेटा, कुछ घंटों बाद मिली मौत की खबर; परिजनों ने लगाया ये आरोप
- पंजाब नगर निकाय चुनाव में आप की धमाकेदार जीत, 690 से ज्यादा वॉर्ड जीते, वोटों की गिनती जारी