लुधियाना कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा- AAP-BJP के नेताओं को निशाना बनाएंगे
लुधियाना जिला अदालत को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान मिली सूचना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को जांच में लगाया.
Ludhiana Court Bomb Threat : लुधियाना के जिला और सत्र न्यायाधीश की आधिकारिक ईमेल आईडी पर शनिवार को धमकी भरा संदेश मिला. इसमें अदालत परिसर में दोपहर 1:11 बजे धमाका करने की बात कही गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने कोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई और पूरे परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया.
कोर्ट परिसर में चला सर्च ऑपरेशन
धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. कोर्ट में उस समय राष्ट्रीय लोक अदालत भी लगी हुई थी, इसलिए सुरक्षा को लेकर खास सतर्कता बरती गई. डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने अदालत परिसर की जांच शुरू की. अधिकारियों ने जजों, कोर्ट स्टाफ, वकीलों और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी. जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने भी लुधियाना पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर घटना की जानकारी दी और कोर्ट बिल्डिंग की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा.
ईमेल में नेताओं और एयरपोर्ट को लेकर धमकी
जानकारी के अनुसार, ईमेल एक जीमेल आईडी से भेजा गया था. संदेश भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा से जुड़ा बताया. ईमेल में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को निशाना बनाने की धमकी दी गई. इसके अलावा हलवारा और मोहाली एयरपोर्ट पर भी हमले की बात कही गई. संदेश में कुछ नेताओं के नाम भी लिखे गए हैं और 13 सितंबर से 29 सितंबर के बीच उन्हें निशाना बनाने की धमकी का दावा किया गया है.
Also Read
- 'पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन नहीं', चन्नी गुट को पायलट का संदेश; 15 सितंबर को बड़ा शक्ति प्रदर्शन
- फाजिल्का में पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा, 3 दोस्त गिरफ्तार; ड्रोन से आई पिस्टल और हेरोइन बरामद
- लाइसेंस बंद, लेकिन ऐप चालू! Chandigarh में Cab Booking को लेकर मचा बवाल, ड्राइवरों ने प्रशासन से पूछा- गलती किसकी?
जांच में जुटी पुलिस
इस बार मिले ईमेल में पहले की धमकियों के मुकाबले कुछ अलग दावे किए गए हैं. पहले भेजे गए संदेशों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, भगवंत मान समेत अन्य नेताओं को निशाना बनाने की बातें सामने आई थीं. नए ईमेल में पंजाब के कुछ AAP और BJP नेताओं के नाम भी बताए गए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ईमेल की सत्यता, भेजने वाले की पहचान तथा धमकी की गंभीरता का पता लगाने में जुटी है.