लुधियाना में झपटमारी की एक वारदात के बाद पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से दो कथित लुटेरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लूटे गए सोने के गहने खरीदने के आरोप में दो ज्वेलरों को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात के बाद लूट के गहने बेच दिए थे और इसके बाद एक आरोपी कपड़े और जूते खरीदने के लिए दुकान पर पहुंचा था. इसी दौरान की CCTV फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई.
मामला 22 अगस्त का बताया जा रहा है. गुरु रामदास नगर की रहने वाली सरबजीत कौर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रही थीं. इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने उनके कान से बालियां झपट लीं और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. उसके हाथ में एक कैरी बैग था, जिस पर एक दुकान का लोगो बना हुआ था. यही बैग पुलिस की जांच में सबसे महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ. पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से कैरी बैग पर बने लोगो की पहचान करने की कोशिश की. AI की मदद से पता चला कि इसी नाम से खन्ना में दो दुकानें मौजूद हैं. इसके बाद पुलिस ने दोनों दुकानों और आसपास के इलाके की CCTV फुटेज की जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को संबंधित दुकान की CCTV फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया. उसकी पहचान बाद में अर्शदीप सिंह बब्बू के रूप में हुई. फुटेज में वह दुकान से कपड़े और जूते खरीदता हुआ नजर आया था. पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान पुख्ता की और 25 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित वारदात में शामिल दूसरे व्यक्ति के बारे में भी जानकारी मिली. अर्शदीप से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके साथी दीपक बाली का नाम सामने आने की बात कही. इसके बाद पुलिस ने दीपक बाली को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की जांच यहीं नहीं रुकी. दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान लूटे गए सोने के गहनों के बारे में भी जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने लूटे गए जेवर खन्ना स्थित रमेश ज्वेलर्स के मालिक कपिल और जितेंद्र कुमार को बेचे थे. इसके बाद पुलिस ने दोनों ज्वेलरों को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके कब्जे से कथित तौर पर लूटे गए सोने के गहने बरामद किए हैं. अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया था और क्या वे लंबे समय से झपटमारी की घटनाओं में शामिल थे.