मानसून के सक्रिय दौर के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने 28 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और तमिलनाडु में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 80 से 83 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी भारत में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका है. नदी और समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों तथा मछुआरों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.
राजधानी दिल्ली में 28 अगस्त की देर शाम तक तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, आजमगढ़, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, बहराइच, कन्नौज, प्रयागराज, गोरखपुर और कुशीनगर में बारिश और आंधी की चेतावनी है. इन इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं.
बिहार के पूर्वी चंपारण, सिवान, बक्सर, रोहतास, कैमूर, मधेपुरा, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा, सुपौल, बांका, मुंगेर और जमुई में भारी बारिश की चेतावनी है. कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. वहीं झारखंड के साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर, सरायकेला, गुमला और रांची में भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है.
उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल और ऋषिकेश में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है. कुछ इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है. हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, सोलन और मंडी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मनाली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. जम्मू, रियासी और कुपवाड़ा में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है.