ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस समय मंगल मिथुन, गुरु कर्क और शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं. सूर्य, बुध और केतु सिंह राशि में स्थित हैं, जबकि शुक्र कन्या राशि में हैं. कुंभ राशि में चंद्रमा और राहु की युति से ग्रहण योग बन रहा है. चंद्रमा शतभिषा नक्षत्र में हैं और राहु के नक्षत्र में रहते हुए शनि के घर में स्थित हैं.
इस ग्रह स्थिति के कारण मन में बेचैनी, भय और अचानक होने वाली घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है. धन के मामले में अचानक लाभ या नुकसान की स्थिति भी बन सकती है. ऐसे में महत्वपूर्ण फैसले लेते समय सावधानी बरतना बेहतर रहेगा.
मेष राशि के जातकों का मन आज भय और चिंता से घिरा रह सकता है. आय में उतार-चढ़ाव रहेगा और यात्रा परेशानी वाली हो सकती है.
वृषभ राशि वालों के लिए राजनीतिक क्षेत्र में उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है. कारोबार में असमंजस रहेगा. कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों से दूरी बनाकर रखना बेहतर होगा.
मिथुन राशि के जातकों को अपमान का भय परेशान कर सकता है. फिलहाल यात्रा टालना बेहतर रहेगा. प्रेम और संतान की ओर से पूरा सहयोग मिलेगा.
कर्क राशि वालों के लिए समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण है. चोट लगने या किसी परेशानी में फंसने की आशंका बन सकती है, इसलिए सावधानी जरूरी है.
सिंह राशि के जातकों को पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है. जीवनसाथी और स्वास्थ्य को लेकर मन परेशान रहेगा.
कन्या राशि वालों का अपने विरोधियों पर दबदबा बना रहेगा, हालांकि कुछ परेशानियां बनी रह सकती हैं.
तुला राशि के जातकों को आज कोई बड़ा फैसला लेने से बचना चाहिए. मानसिक तनाव पर ध्यान देना जरूरी होगा.
वृश्चिक राशि वालों के घरेलू सुख में बाधा आ सकती है. जमीन, मकान या वाहन से जुड़ी खरीदारी में परेशानी संभव है.
धनु राशि वालों को नाक, कान और गले से जुड़ी परेशानी हो सकती है. कारोबार में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और स्वास्थ्य भी सामान्य से कमजोर रह सकता है.
मकर राशि के जातकों के लिए धन हानि के संकेत हैं. आज निवेश करने से बचना बेहतर होगा. अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें, क्योंकि मुख से जुड़ी परेशानी हो सकती है.
कुंभ राशि में चंद्रमा और राहु की स्थिति के कारण घबराहट और बेचैनी बढ़ सकती है. नकारात्मक विचार परेशान कर सकते हैं और स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है.
मीन राशि वालों के खर्च बढ़ सकते हैं, जिससे मानसिक परेशानी होगी. सिरदर्द और आंखों से जुड़ी तकलीफ हो सकती है. अज्ञात भय परेशान कर सकता है.