जालंधर में रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस द्वारा आयोजित ऑनलाइन ई-ऑक्शन में एक बार फिर फैंसी नंबरों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला. PB 08 GA सीरीज का सबसे चर्चित नंबर 0001 इस बार 8 लाख 52 हजार 500 रुपये की बोली पर नीलाम हुआ. यह रकम सामान्य दोपहिया वाहन की कीमत से कई गुना अधिक है. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि यह वीआईपी नंबर किसी महंगी लग्जरी कार के लिए नहीं, बल्कि एक एक्टिवा स्कूटर के लिए लिया गया.
वर्तमान में एक नई एक्टिवा की ऑन-रोड कीमत करीब 1.10 लाख रुपये है. ऐसे में जिस रकम में यह फैंसी नंबर खरीदा गया, उतनी राशि में लगभग आठ नई एक्टिवा स्कूटर खरीदी जा सकती हैं.
ई-ऑक्शन में केवल 0001 ही नहीं, बल्कि अन्य वीआईपी नंबरों के लिए भी खरीदारों ने खुलकर बोली लगाई. 0007 नंबर 3 लाख 11 हजार रुपये, 0005 नंबर 2 लाख 83 हजार रुपये और 0008 नंबर 2 लाख 50 हजार रुपये में नीलाम हुआ. वहीं 0002, 0003, 0006 और 0009 नंबरों की बोली दो-दो लाख रुपये तक पहुंची. इससे साफ है कि जालंधर में विशेष नंबरों के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है और वाहन मालिक अपनी पसंद के नंबर के लिए बड़ी रकम खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे.
आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से 000 सीरीज के नंबर लगातार लाखों रुपये में बिक रहे हैं. इससे पहले PB 08 FZ सीरीज का 0001 नंबर 8 लाख 61 हजार रुपये में नीलाम हुआ था. मौजूदा नीलामी में यह नंबर उससे केवल 8,500 रुपये कम कीमत पर बिका, जो इस सीरीज की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. फैंसी नंबरों की नीलामी पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत की जाती है. प्रत्येक सप्ताह शनिवार, रविवार और सोमवार तक इच्छुक वाहन मालिक आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद मंगलवार और बुधवार को परिवहन विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बोली लगाई जाती है. हर नई बोली के साथ राशि में 500 रुपये की बढ़ोतरी होती है.
रिजर्व प्राइस और सिक्योरिटी राशि तय
आरटीओ के अनुसार, 0001 से 0010 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 5 लाख रुपये निर्धारित है. इन नंबरों की नीलामी में भाग लेने के लिए आवेदकों को 1 लाख रुपये सिक्योरिटी राशि और 2,000 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होता है. वहीं 0011 से 0099 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 1 लाख रुपये रखा गया है. नीलामी पूरी होने के बाद सबसे अधिक बोली लगाने वाले आवेदक को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी राशि जमा करने के बाद संबंधित फैंसी नंबर आवंटित कर दिया जाता है.