रात को मोमोज और चाप खाकर सोए भाई-बहन, सुबह थम गईं सांसें; घर में पसरा मातम
परिवार के अनुसार शनिवार शाम को बच्चों ने बाहर का खाना खाने की जिद की थी. इसके बाद उनके पिता पास की एक रेहड़ी से मोमोज और चाप लेकर आए थे.
पंजाब के तरनतारन जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां संदिग्ध हालात में दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों ने शनिवार रात को मोमोज और चाप खाई थी. इसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं. परिजनों ने उन्हें घर में रखी दवा दी और सुला दिया, लेकिन सुबह जब जगाने की कोशिश की गई तो दोनों की मौत हो चुकी थी.
मृत बच्चों की पहचान 6 साल के आरव और 9 साल की दानिका के रूप में हुई है. दोनों तरनतारन की डीएसपी वाली गली में अपने माता-पिता के साथ रहते थे. परिवार के अनुसार शनिवार शाम को बच्चों ने बाहर का खाना खाने की जिद की थी. इसके बाद उनके पिता पास की एक रेहड़ी से मोमोज और चाप लेकर आए थे.
करीब रात आठ बजे दोनों बच्चों ने खाना खाया और फिर टीवी देखने लगे. कुछ समय बाद रात लगभग दस बजे उनकी तबीयत अचानक खराब होने लगी और दोनों को उल्टियां होने लगीं. रात अधिक होने के कारण माता-पिता उन्हें अस्पताल नहीं ले जा सके और घर में रखी उल्टी रोकने की दवा दे दी. दवा लेने के बाद दोनों बच्चे सो गए.
रविवार सुबह जब मां नेहा बच्चों को जगाने उनके कमरे में पहुंचीं तो उन्हें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. उन्होंने देखा कि दोनों के शरीर ठंडे हो चुके थे और रंग भी नीला पड़ गया था. यह देखकर परिवार घबरा गया और तुरंत बच्चों को अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया. पुलिस ने मोमोज बेचने वाले रेहड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
रेहड़ी चालक का कहना है कि उसने उसी दिन कई लोगों को मोमोज बेचे थे और किसी अन्य व्यक्ति की तबीयत खराब होने की सूचना नहीं मिली है. पुलिस फिलहाल हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार बच्चों की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा.