menu-icon
India Daily

जेल के अंदर नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, होशियारपुर केंद्रीय जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार; कैदी ने लगाए ये आरोप

होशियारपुर केंद्रीय जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को कथित नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई एक कैदी के वायरल वीडियो और उसके बाद हुई जांच के आधार पर की गई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
जेल के अंदर नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, होशियारपुर केंद्रीय जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार; कैदी ने लगाए ये आरोप
Courtesy: Pinterest

होशियारपुर: केंद्रीय जेल होशियारपुर के डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को जेल में कथित नशा तस्करी से जुड़े मामले में जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके खिलाफ थाना सिटी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इस कार्रवाई के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं.

मामले की शुरुआत उस समय हुई जब जेल में बंद कैदी मनप्रीत सिंह मन्ना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में कैदी ने आरोप लगाया कि डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह उस पर जेल के अंदर नशा तस्करी करने का दबाव बना रहे थे. उसने यह भी दावा किया कि मना करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था.

क्या लिया गया एक्शन?

वीडियो सामने आने के बाद जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कराई. शुरुआती स्तर पर जेल प्रशासन में बदलाव करते हुए संबंधित जेल सुपरिटेंडेंट का तत्काल तबादला किया गया और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए.

जांच के दौरान क्या आया सामने?

जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की. अधिकारियों के अनुसार जांच में कैदी द्वारा लगाए गए कुछ आरोप सही पाए जाने के बाद देर रात थाना सिटी में हरभजन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यदि जेल के भीतर किसी तरह की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं, तो उनमें और कौन कौन लोग शामिल थे. जांच एजेंसियां जेल के कर्मचारियों, कैदियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही हैं. साथ ही उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.

पुलिस का क्या है कहना?

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.