menu-icon
India Daily

14-14 वोट पर फंसा मानसा नगर कौंसिल चुनाव, टॉस ने लिखा जीत का फैसला; भूषण मत्ती बने अध्यक्ष

मानसा नगर कौंसिल अध्यक्ष चुनाव में दोनों उम्मीदवारों को 14-14 वोट मिले. बराबरी के बाद टॉस कराया गया, जिसमें भूषण मत्ती विजयी रहे. इसके साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव भी संपन्न हुए.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
14-14 वोट पर फंसा मानसा नगर कौंसिल चुनाव, टॉस ने लिखा जीत का फैसला; भूषण मत्ती बने अध्यक्ष
Courtesy: x

पंजाब के मानसा नगर कौंसिल अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद रोमांचक रहा. शनिवार को हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवारों को 14-14 वोट मिले, जिसके बाद विजेता का फैसला टॉस से करना पड़ा. चुनाव अधिकारी, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और तहसीलदार की मौजूदगी में हुए टॉस में भूषण मत्ती के पक्ष में 'हेड' आया और उन्हें नगर कौंसिल का नया अध्यक्ष घोषित कर दिया गया. पहली बार वार्ड नंबर 10 से निर्दलीय पार्षद चुने गए भूषण मत्ती ने चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी का दामन थामा था और अब पहली ही पारी में उन्हें अध्यक्ष बनने का मौका मिल गया.

 वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भी चुनाव

अध्यक्ष के साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए. वार्ड नंबर 12 से भाजपा पार्षद प्रेम सागर भोला 17 वोट हासिल कर वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए. उन्हें क्रॉस वोटिंग का भी फायदा मिला. वहीं, वार्ड नंबर 26 से आम आदमी पार्टी के पार्षद कृष्ण सिंह ने 11 वोट प्राप्त कर उपाध्यक्ष पद अपने नाम किया. चुनाव स्थानीय बचत भवन में आयोजित हुआ, जहां उम्मीदवारों के प्रवेश को लेकर कुछ समय तक बहस भी हुई. सुरक्षा कारणों से मीडिया प्रतिनिधियों को भी मतदान स्थल के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई.

शहर की समस्याएं होंगी पहली प्राथमिकता

30 मई को हुए नगर कौंसिल चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था. आम आदमी पार्टी, भाजपा, शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों के समर्थन के बाद अध्यक्ष पद पर मुकाबला बराबरी पर पहुंच गया. नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूषण मत्ती ने कहा कि अब उनकी पहली प्राथमिकता शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान होगी. उन्होंने ओवरफ्लो सीवरेज, टूटी सड़कें, बरसाती पानी की निकासी, स्वच्छ पेयजल, कूड़ा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट और गलियों-नालियों के निर्माण जैसे लंबित कार्यों को तेजी से पूरा कराने का भरोसा दिया.

 जीत के बाद समर्थकों ने मनाया जश्न

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखा. गुलाल उड़ाकर और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया गया. विधायक डॉ. विजय सिंगला ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी पार्षदों को साथ लेकर बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि मानसा शहर के अधूरे विकास कार्य जल्द पूरे किए जा सकें.