बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यूनाइटेड) ने पंजाब की राजनीति में औपचारिक एंट्री करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि जद(यू) राज्य में विकास, सुशासन और पारदर्शी राजनीति का नया विकल्प बनने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी. इस दौरान मलविंदर सिंह को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया.
पार्टी ने गुरपाल सिंह हुंडल को उपाध्यक्ष, आई.एस. आहलूवालिया को सचिव जनरल, संजीव झा को महासचिव (संगठन) और कंवर सिंह ढींडसा को कोर कमेटी का प्रमुख सदस्य बनाया है. जद(यू) ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और राज्यव्यापी सदस्यता अभियान चलाने की भी घोषणा की. संजय कुमार ने कहा कि पार्टी रोजगार, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और पारदर्शी प्रशासन जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और पंजाब में मजबूत राजनीतिक विकल्प बनने का प्रयास करेगी.