हलवारा एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले विमान में आई खराबी, तेज आवाज से मचा हड़कंप; 4 घंटे अटकी फ्लाइट
हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी के कारण रोक दी गई. विमान के अगले हिस्से से अचानक तेज आवाज आने के बाद पायलट ने फ्लाइट को वापस एप्रन पर लाया.
हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट शुक्रवार को तकनीकी खराबी के कारण करीब चार घंटे तक जमीन पर खड़ी रही. उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के अगले हिस्से से अचानक तेज आवाज आने के बाद पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया. सुरक्षा को देखते हुए विमान में सवार सभी 42 यात्रियों को नीचे उतारकर टर्मिनल भवन में भेज दिया गया.
तकनीकी खराबी की जांच और उसे ठीक करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान शाम करीब सात बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ. इस दौरान यात्रियों को करीब चार घंटे तक उड़ान का इंतजार करना पड़ा.
रनवे की ओर बढ़ते समय आई तेज आवाज
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को एप्रन से रनवे की ओर ले जाया जा रहा था. विमान में करीब 42 यात्री सवार थे और उड़ान की तैयारी पूरी हो चुकी थी. इसी दौरान विमान के अगले हिस्से से अचानक तेज आवाज सुनाई दी. आवाज आने के बाद पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को तत्काल रोक दिया. इसके बाद विमान को वापस एप्रन पर लाया गया. सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और उन्हें वापस टर्मिनल भवन में बैठाया गया.
Also Read
चार घंटे तक उड़ान का इंतजार
विमान में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद यात्रियों को काफी देर तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा. एयरलाइन की तकनीकी टीम ने विमान की जांच की और खराबी को दूर करने का काम शुरू किया. करीब चार घंटे की देरी के बाद विमान को उड़ान भरने की अनुमति मिली. इसके बाद शाम करीब सात बजे फ्लाइट हलवारा से दिल्ली के लिए रवाना हो सकी. हालांकि, विमान के अगले हिस्से में किस तरह की तकनीकी समस्या आई थी, इसकी आधिकारिक जानकारी एयरलाइन की ओर से सामने नहीं आई है. यात्रियों को भी खराबी के वास्तविक कारण के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई.
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
विमान में तकनीकी खराबी का पता उड़ान भरने से पहले ही चल गया, जिसके बाद पायलट ने विमान को रोकने का फैसला किया. यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल में भेजना भी सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा रहा. अगर विमान के उड़ान भरने के बाद ऐसी तकनीकी समस्या सामने आती तो स्थिति अधिक गंभीर हो सकती थी. समय रहते समस्या का पता चलने के कारण विमान को जमीन पर ही रोक दिया गया.
हलवारा एयरपोर्ट पर उड़ानों में तकनीकी दिक्कत का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले दिल्ली से हलवारा आ रही एक फ्लाइट को भी लैंडिंग से पहले तकनीकी कारणों से काफी देर तक एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाना पड़ा था. काफी देर बाद विमान ने सुरक्षित रूप से लैंडिंग की थी. विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली थी.