गमाडा घोटाले में मची खलबली! रात में हाईकोर्ट पहुंची पंजाब सरकार, जानिए क्या है पूरा मामला

गमाडा से जुड़े वित्तीय घोटाले की जांच अब सीधे हाईकोर्ट तक पहुंच गई है. ईडी की कार्रवाई के खिलाफ पंजाब सरकार बुधवार देर रात हाईकोर्ट पहुंची, जहां तत्काल सुनवाई पर अदालत ने वारंट ऑफिसर नियुक्त कर दिया.

Pinterest
Reepu Kumari

पंजाब की सियासत में इन दिनों गमाडा घोटाले को लेकर हलचल थमने का नाम नहीं ले रही. प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई तेज हो गई है. बुधवार देर रात पंजाब सरकार सीधे हाईकोर्ट पहुंच गई और ईडी की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए. अदालत ने सरकार की अर्जी पर तुरंत सुनवाई करते हुए वारंट ऑफिसर नियुक्त कर दिया, जो अब जांच पर सीधी नजर रखेंगे. इस बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है और कई बड़े दावे सामने आ रहे हैं.

27 ठिकानों पर हुई तलाशी

मंगलवार सुबह शुरू हुई ईडी की कार्रवाई के तहत दिल्ली, मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला और लुधियाना में कुल 27 जगहों पर सर्वे और तलाशी की गई. इनमें गमाडा मुख्यालय के साथ साथ पंजाब सरकार के हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट विभाग से जुड़े दफ्तर भी शामिल रहे. जांच का दायरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है.

चंडीगढ़ की कोठी बनी चर्चा का विषय

देर शाम ईडी टीम ने चंडीगढ़ सेक्टर 39 की एक सरकारी कोठी में भी छापा मारा, जहां आम आदमी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के रहने की बात सामने आई. पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इसकी तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि पंजाब सरकार का एक मंत्री विदेश जा चुका है, हालांकि उन्होंने कोई नाम उजागर नहीं किया.


मंत्री के रिश्तेदार तक पहुंची टीम

लुधियाना में कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे प्रिंस के घर भी ईडी की टीम ने तलाशी ली, जहां से दस्तावेज और डिजिटल उपकरण खंगाले गए. इसके अलावा गमाडा के पूर्व चीफ एडमिनिस्ट्रेटर राजीव गुप्ता के आवास पर भी जांच हुई. जांच एजेंसी अब अधिकारियों की भूमिका को भी बारीकी से परख रही है.

45 कंपनियां भी जांच के घेरे में

ईडी की जांच सिर्फ दो नीलामी साइटों तक सीमित नहीं है. एजेंसी जमीन अधिग्रहण, भू उपयोग बदलाव और नीलामियों से जुड़े लेन देन की भी पड़ताल कर रही है. सूत्रों के मुताबिक मोहाली क्षेत्र में सक्रिय करीब 45 रियल एस्टेट कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में लाए गए हैं.

रातभर चली पूछताछ, गद्दे तकिए तक मंगाए गए

गमाडा मुख्यालय में अधिकारियों ने रातभर रिकॉर्ड खंगाले और मुख्यालय की तीन मंजिलें सील कर दी गईं. जांच लंबी खिंचने के संकेत तब मिले जब परिसर में अतिरिक्त गद्दे और भोजन की व्यवस्था की गई. हाउसिंग विभाग के प्रमुख सचिव विकास गर्ग सहित कई अफसरों से पूछताछ की जा चुकी है. अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कार्रवाई पर तंज कसते हुए कहा कि चोर मचाए शोर, अंततः सभी दोषी पकड़े जाएंगे. वहीं चंडीगढ़ के सेक्टर 19 में एक आईएएस अधिकारी के घर भी करीब 24 घंटे तक ईडी की गाड़ियां खड़ी रहीं, जहां दस्तावेजों की गहन जांच होती रही.