टांडा के ब्यास मंड में नदी के बढ़ते जल स्तर से बढ़ा कटाव, किसानों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से की अपील
ब्यास दरिया का जल स्तर बढ़ने से टांडा क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है. किसानों ने पंजाब सरकार से तटबंधों की तुरंत मरम्मत और मजबूती की मांग की है.
पंजाब के टांडा क्षेत्र में ब्यास दरिया का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है. इससे नदी किनारे रहने वाले किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. पिछले साल आई बाढ़ का नुकसान अभी तक लोग नहीं भूले हैं. ऐसे में किसानों ने सरकार से समय रहते सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई है.
बढ़ता जल स्तर बना किसानों के लिए चिंता का कारण
टांडा क्षेत्र के ब्यास मंड में स्थित गांव रड़ा के पास ब्यास दरिया का पानी लगातार बढ़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी का दबाव नदी किनारे बने तटबंधों को कमजोर कर रहा है. कई जगह कटाव भी दिखाई देने लगा है, जिससे जमीन और सुरक्षा बांधों को नुकसान पहुंच रहा है. लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को डर है कि अगर जल स्तर और बढ़ा तो हालात गंभीर हो सकते हैं. किसानों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो पानी खेतों तक पहुंच सकता है और फसलों को बड़ा नुकसान हो सकता है.
पिछले साल की बाढ़ का दर्द अभी भी ताजा
स्थानीय किसानों ने बताया कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान ब्यास दरिया के दोनों किनारों पर बने कई तटबंध टूट गए थे. इसके बाद बड़ी मात्रा में पानी खेतों में घुस गया था और सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई थी. उस समय धान और दूसरी फसलों को भारी नुकसान हुआ था, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा. किसानों का कहना है कि इस बार भी यदि समय रहते सुरक्षा के कदम नहीं उठाए गए तो वही स्थिति दोबारा बन सकती है.
Also Read
सरकार और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग
किसानों ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील की है कि ब्यास दरिया के किनारे बने सभी कमजोर तटबंधों का तुरंत निरीक्षण कराया जाए. उनका कहना है कि जहां भी कटाव हुआ है, वहां मरम्मत और मजबूती का काम जल्द शुरू होना चाहिए. किसानों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि बारिश के मौसम में नदी के जल स्तर पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव की व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए.