पंजाब में दो पक्षों की रंजिश में कांग्रेस नेता को लगी गोली, गंभीर हालत में अमृतसर रेफर

अमृतसर के अजनाला इलाके में देर रात दो पक्षों के विवाद के दौरान कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा को गोली मार दी गई.

X
Ashutosh Rai

अमृतसर के अजनाला इलाके में देर रात विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. जगदेव खुर्द के पास दो पक्षों के बीच चल रहे झगड़े को सुलझाने पहुंचे कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा गोली लगने से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में अमृतसर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

मामूली विवाद के बाद चली गोली

जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर की मध्यरात्रि को अजनाला थाना क्षेत्र के गांव जगदेव कलां के पास दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. मामला बढ़ने पर एक पक्ष की ओर से गोली चला दी गई, जिसकी चपेट में कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा आ गए. बताया जा रहा है कि वह दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे. गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल अजनाला ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए अमृतसर रेफर कर दिया.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही अजनाला पुलिस सक्रिय हुई. एसएचओ अजयपाल सिंह और डीएसपी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई. जांच अधिकारी रमन दीप सिंह ने बताया कि पुलिस को रात में गोली चलने की सूचना मिली थी. शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी. एक पक्ष में गुरदीप सिंह और दूसरे पक्ष में करणबीर सिंह के शामिल होने की जानकारी मिली है. पुलिस विवाद की असली वजह पता लगाने के साथ गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान और भूमिका की भी जांच कर रही है.


एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी

पुलिस फिलहाल मामले के दोनों पक्षों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और घटना के हर पहलू की जांच कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, विवाद के पीछे की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस ने मौके से मिली जानकारी और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है. मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं, गोली लगने से घायल कांग्रेस नेता का अमृतसर में उपचार जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात से शुरू हुआ और गोली किस व्यक्ति ने चलाई.