न्यू चंडीगढ़ की सड़क और पार्क अब बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह के नाम
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने न्यू चंडीगढ़ में 200 फुट चौड़ी एचआर-2 रोड और सेक्टर-5ए के पार्क का नाम बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह के नाम पर किया.
मोहाली: पंजाब सरकार ने बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह की स्मृति को स्थायी रूप देने के लिए न्यू चंडीगढ़ में सड़क और पार्क का नाम उनके नाम पर रखा है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को 200 फुट चौड़ी एचआर-2 रोड को कर्नल मनप्रीत सिंह के नाम समर्पित किया. अब मुल्लांपुर चौक से टी-प्वाइंट तक का मार्ग बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह मार्ग कहलाएगा. इसके साथ सेक्टर-5ए ब्लॉक के पार्क का नाम भी बदलकर बलिदानी कर्नल मनप्रीत सिंह पार्क रखा गया है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले सैनिक राष्ट्र की अमूल्य विरासत हैं. उन्होंने कर्नल मनप्रीत सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता. सरकार का मानना है कि उनके नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने का माध्यम बनेगा.
अनंतनाग में दिया सर्वोच्च बलिदान
कर्नल मनप्रीत सिंह ने 13 सितंबर 2023 को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान देश की रक्षा करते हुए जान गंवाई थी. उस समय वह 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उनकी वीरता और बलिदान को सम्मान देते हुए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत 15 अगस्त 2024 को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया.
Also Read
सेना में 2005 में शुरू किया सफर
कर्नल मनप्रीत सिंह का जन्म 1982 में गांव भरोजियां में हुआ था. उन्होंने अपनी शिक्षा मोहाली और चंडीगढ़ में पूरी की. पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए उन्होंने वर्ष 2005 में भारतीय सेना में कमीशंड अधिकारी के रूप में सेवाएं शुरू कीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जीवन और सैन्य सेवा की कहानी युवाओं को देश के लिए काम करने की प्रेरणा देती रहेगी.
शहीद परिवारों को एक करोड़ की मदद
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार देश की रक्षा में जान गंवाने वाले सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों, पुलिस कर्मियों और अग्निवीरों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देती है. उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों के लिए पुलिस, बैंक और वन विभाग में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी काम किया जा रहा है.
बलिदानियों को याद रखना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपने बलिदानियों को हमेशा याद रखता है, वही आगे बढ़ता है. उन्होंने सरकार की अन्य उपलब्धियों का भी उल्लेख किया. इनमें सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार और जेईई तथा नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन को प्रमुखता से रखा गया. कार्यक्रम में सांसद मलविंदर सिंह कंग, कर्नल मनप्रीत सिंह की पत्नी जगमीत ग्रेवाल, माता मनजीत कौर, बेटे कबीर सिंह और बेटी बानी कौर समेत कई लोग मौजूद रहे.