'जश्न-ए-इंकलाब... भगत सिंह के सपनों का पंजाब बना रही सरकार', उनकी विरासत को लेकर CM मान ने बताया क्या है प्लान
लुधियाना में 'जश्न-ए-इंकलाब' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भगत सिंह के सपनों के अनुरूप समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण पर आधारित पंजाब बनाने के लिए काम कर रही है.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम 'जश्न-ए-इंकलाब' में शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस के मौके पर आयोजित किया गया था. इस दौरान सीएम मान ने कहा कि उनकी सरकार देशभक्ति, समानता, इंसाफ और लोक कल्याण पर आधारित पंजाब बनाने के लिए काम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शहीद भगत सिंह के सम्मान में कई कदम उठाए हैं. उन्होंने बताया कि मोहाली हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया है. इसके अलावा मोहाली में एयरपोर्ट रोड पर 'निशान-ए-इंकलाब प्लाजा' बनाया गया है, जहां शहीद भगत सिंह की 30 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है.
सीएम मान ने और क्या कहा?
सीएम मान ने खटकड़ कलां में बन रहे शहीद-ए-आजम भगत सिंह हेरिटेज कॉम्प्लेक्स का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह परिसर शहीद भगत सिंह के जीवन, विचारों, संघर्ष और बलिदान को आधुनिक तरीके से लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है.
Also Read
- पंजाब में बारिश के बाद लुढका पारा, 6 जिलों में आज बूंदाबांदी के आसार; जानें मौसम का हाल
- LPU Violence: 5 दिन पहले ही फैलाया गया था फर्जी मैसेज? Girls Hostel से वायरल हुई रेप की पोस्ट; फिर भड़की हिंसा
- अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने गोल्डन टेंपल में माथा टेका, SGPC अध्यक्ष धामी से सिखों से जुड़े मुद्दों पर बात हुई
इसमें पैतृक घर, विरासती गली, लाइब्रेरी, प्रदर्शनियां, ऑडिटोरियम, ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति और पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं शामिल होंगी. मुख्यमंत्री के अनुसार परियोजना अंतिम चरण में है और जल्द इसे लोगों को समर्पित किया जाएगा.
योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने दावा किया कि जुलाई 2022 से पंजाब के करीब 90 प्रतिशत घरों को शून्य बिजली बिल मिल रहे हैं. राज्य में करीब 1,100 आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं और 5 करोड़ से अधिक मरीजों ने मुफ्त इलाज लिया है. उन्होंने यह भी कहा कि 70 हजार से ज्यादा युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं.
भगवंत मान ने बताया कि राज्य में अब तक 18 टोल प्लाजा बंद किए जा चुके हैं. उनके मुताबिक इससे लोगों की रोजाना करीब 63 लाख रुपये की बचत हो रही है. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, सिंचाई और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने करीब 45 हजार किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और उन्नयन तथा नहरी सिंचाई के दायरे में वृद्धि का भी दावा किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद भगत सिंह के सपनों का समाज बनाने के लिए शिक्षा को सबसे अहम माध्यम माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि मुफ्त सुविधाएं या रियायती योजनाएं अकेले गरीबी खत्म नहीं कर सकतीं, जबकि शिक्षा लोगों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. कार्यक्रम में पंजाबी कलाकारों की प्रस्तुतियां और 'गगन दमामा बाजिओ' नाटक का मंचन भी हुआ. इस दौरान शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की विरासत को याद किया गया.