पंजाब में मानसून पड़ेगा कमजोर, पठानकोट में यलो अलर्ट; 9 सितंबर तक कई जिलों में छिटपुट बारिश के आसार

पंजाब में शनिवार को कई इलाकों में बारिश के बाद अब मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने के संकेत हैं. रविवार को केवल पठानकोट में यलो अलर्ट जारी किया गया है.

ANI
Shanu Sharma

पंजाब में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश अब धीरे-धीरे कम होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पठानकोट में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है, जिसके चलते यहां यलो अलर्ट जारी किया गया है. 

आज, होशियारपुर में भी कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं. गुरदासपुर, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है. इसके बाद बारिश का क्षेत्र लगातार सिमटने का अनुमान है.

शनिवार को 0.7 डिग्री बढ़ा तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार शनिवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में शुक्रवार की तुलना में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई. हालांकि इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. बठिंडा राज्य में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फरीदकोट में 35.5, रूपनगर में 34.3, लुधियाना और चंडीगढ़ में 34, मोहाली में 33.9, अमृतसर में 32.9 और पटियाला में 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.


शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. श्री आनंदपुर साहिब में सबसे ज्यादा 24 मिलीमीटर बारिश हुई. चंडीगढ़ में 15.2 मिलीमीटर, पटियाला में 9, रूपनगर में 7.5 और लुधियाना में 3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. पठानकोट के थीन बांध और गुरदासपुर में 0.5 से 1 मिलीमीटर तक बारिश हुई. वहीं अमृतसर, जालंधर, फिरोजपुर, होशियारपुर और संगरूर में बारिश दर्ज नहीं की गई.

अगले कुछ दिनों तक बारिश का हाल?

पठानकोट में रविवार को कई जगह अच्छी बारिश का अनुमान है. होशियारपुर में भी बारिश हो सकती है. गुरदासपुर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर, मानसा, बठिंडा, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, फिरोजपुर और मोगा में छिटपुट बारिश हो सकती है.

7 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कुछ जगह बारिश हो सकती है. अन्य कई जिलों में हल्की या छिटपुट बारिश के आसार हैं, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. 8 सितंबर को गुरदासपुर और होशियारपुर में हल्की से मध्यम बारिश संभव है. पठानकोट, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. 9 सितंबर को पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.