चंडीगढ़ के सेक्टर 28 में शुक्रवार रात एक घर में हुई करोड़ों रुपये की लूट से इलाके में हड़कंप मच गया. वारदात सेक्टर 28 की कोठी नंबर 3097 में हुई, जहां पूर्व पार्षद दिवंगत मुकेश बस्सी का परिवार रहता है. बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के दोनों बेटे जितेश और दक्ष किसी काम से परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे. घर में उनकी मां अंजू बस्सी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात के पीछे घर में हाल ही में रखा गया एक नौकर हो सकता है. बताया जा रहा है कि आरोपी को करीब 10 दिन पहले ही काम पर रखा गया था.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले परिवार को बेहोश करने की योजना बनाई. आरोप है कि उसने घर में तैयार खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया. खाना खाने के कुछ समय बाद घर में मौजूद अंजू बस्सी समेत परिवार के अन्य सदस्य और पुराने नौकर बेहोश हो गए. इसके बाद आरोपी को घर में वारदात करने का मौका मिल गया. इस घटना ने पुलिस के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी को घर के अंदर मौजूद नकदी, आभूषण और लॉकर की जानकारी पहले से थी या उसने वारदात के दौरान ही सब कुछ तलाशा.
परिवार के लोगों के बेहोश होने के बाद आरोपी ने घर में रखे लॉकर और अलमारियों को निशाना बनाया. पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी ने ताले तोड़कर वहां रखी बड़ी मात्रा में नकदी और सोने चांदी के आभूषण निकाल लिए. लूटे गए सामान की सही कीमत का अभी आधिकारिक आकलन नहीं हुआ है. हालांकि शुरुआती जानकारी में लूट की रकम करोड़ों रुपये बताई जा रही है. वारदात के बाद आरोपी घर से सामान लेकर फरार हो गया. घटना का पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई.
नशीला पदार्थ खाने के बाद बेहोश हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खाने में किस तरह का पदार्थ मिलाया गया था. इसके लिए खाने के नमूनों और अन्य जरूरी चीजों को जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घर के अंदर और आसपास से जरूरी सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. इससे आरोपी के घर से निकलने के रास्ते और उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की जानकारी मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग अलग टीमों को लगाया है. आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.