AAP से BJP में आए 6 राज्यसभा सदस्य बनेंगे नशा मुक्त पंजाब यात्रा का चेहरा, राघव चड्ढा-संदीप पाठक को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
पंजाब भाजपा नशे के खिलाफ प्रस्तावित यात्रा में आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए छह राज्यसभा सांसदों को अहम जिम्मेदारी देने की तैयारी में है.
BJP Nasha Mukt Punjab Yatra: भाजपा पंजाब में नशे के खिलाफ ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को बड़े स्तर पर चलाने की तैयारी कर रही है. पार्टी ने इसके लिए उन छह राज्यसभा सांसदों को आगे लाने की योजना बनाई है, जो अप्रैल 2026 में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और पंजाब की राजनीति को करीब से जानते हैं.
AAP से आए छह सांसदों पर भाजपा का भरोसा
पंजाब भाजपा की बैठक में राघव चड्ढा और डॉ. संदीप पाठक समेत आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए छह राज्यसभा सदस्य पहली बार एक साथ शामिल हो रहे हैं. पार्टी इन नेताओं के पुराने संगठनात्मक अनुभव और पंजाब में बने नेटवर्क का इस्तेमाल नशे के खिलाफ अभियान में करना चाहती है. पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया भी बैठक में मौजूद हैं. भाजपा की कोशिश है कि यात्रा को सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम न रखकर नशे के खिलाफ बड़ा जनजागरूकता अभियान बनाया जाए.
राघव चड्ढा और संदीप पाठक की भूमिका अहम
भाजपा में आने के बाद राघव चड्ढा का यह पंजाब का दूसरा दौरा है. इससे पहले वह लुधियाना में पार्टी की बैठक में शामिल हुए थे। वहीं डॉ. संदीप पाठक भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार पंजाब पहुंचे हैं. आम आदमी पार्टी में रहते हुए दोनों नेताओं की पंजाब संगठन और चुनावी रणनीति में अहम भूमिका रही है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, यात्रा में ऐसे नेताओं को जिम्मेदारी देने पर जोर है, जिन्हें अलग-अलग इलाकों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों की अच्छी समझ हो.
Also Read
लुधियाना-बरनाला में रजिंदर गुप्ता को मिल सकती है जिम्मेदारी
राज्यसभा सदस्य रजिंदर गुप्ता को लुधियाना और बरनाला क्षेत्र में यात्रा से जुड़ी अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना है. अप्रैल 2026 में पंजाब से राज्यसभा भेजे गए सात सदस्यों में से छह भाजपा में शामिल हो चुके हैं. सातवें सदस्य संत बलवीर सिंह सीचेवाल अभी AAP के साथ हैं. ऐसे में छह सांसदों का पहली बार पंजाब भाजपा के मंच पर एक साथ आना पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है.