नशा, बेरोजगारी और खेती पर फोकस; पंजाब में 2027 के लिए चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटी भाजपा
भाजपा ने पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी खेती, बेरोजगारी, नशे, युवाओं, सीमा सुरक्षा और शहरी विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता दे रही है.
चंडीगढ़: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने संगठन को गांव से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने और प्रमुख जन मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचने की रणनीति बनाई है. खेती, नौजवानों, नशे, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, सीमा सुरक्षा और शहरी विकास को पार्टी के रोडमैप में प्रमुखता दी गई है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी की ओर से गांव और शहर स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. इसी सिलसिले में दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में पंजाब के प्रमुख मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई.
क्या है पार्टी का लक्ष्य?
ढिल्लों के अनुसार आने वाले दिनों में हर जिले, मंडल और गांव में संगठन को मजबूत करने के लिए टीमें बनाई जाएंगी. पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन की मौजूदगी मजबूत करना है.
Also Read
खेती और नौजवानों पर खास नजर
भाजपा की बैठक में खेती और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई. पार्टी का कहना है कि पंजाब के युवाओं के सामने रोजगार और पलायन बड़ी चुनौती है. भाजपा ने इन मुद्दों को आगामी चुनाव में प्रमुखता से उठाने की तैयारी की है.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने क्या कहा?
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मौजूदा सरकार पर नशे, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब नशे की समस्या और बिगड़ती कानून व्यवस्था से जूझ रहा है. उन्होंने युवाओं के बड़ी संख्या में विदेश जाने को भी राज्य के लिए गंभीर चुनौती बताया.
भाजपा का कहना है कि पार्टी पंजाब को सुरक्षित, समृद्ध और प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए संगठन को मजबूत कर रही है.
और कौन-कौन सा मुद्दा है महत्वपूर्ण?
पंजाब सीमावर्ती राज्य है और पाकिस्तान से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा के कारण यहां सुरक्षा का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है. भाजपा ने सीमा सुरक्षा को अपने आगामी रोडमैप में शामिल किया है. पार्टी का प्रयास है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों से संपर्क बढ़ाया जाए और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच रखा जाए.
कब से कब तक चलेगा तिरंगा अभियान?
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भाजपा ने 9 से 14 अगस्त तक पंजाब में हर घर तिरंगा अभियान चलाने की घोषणा की है. पार्टी की ओर से विभिन्न जिलों, शहरों और गांवों में तिरंगा यात्राएं निकालने की योजना है. लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा.
भाजपा नेताओं का कहना है कि पंजाब देश के लिए बड़ी संख्या में बलिदान देने वाले वीरों की धरती रहा है. ऐसे में तिरंगा अभियान के जरिए राष्ट्रभक्ति का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी.
गुरु रविदास जयंती पर कलश यात्रा
गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत पंजाब में कलश यात्रा भी निकाली जा रही है. गुरु रविदास जी की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा अलग-अलग गांवों तक पहुंचाई जा रही है.