menu-icon
India Daily

 पंजाब में 'मिशन क्लीन पंजाब' का आगाज: स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने खुद उठाई झाड़ू, 7 सितंबर तक चलेगा अभियान

पंजाब सरकार ने राज्य को कचरा मुक्त बनाने के लिए 10 दिवसीय 'मिशन क्लीन पंजाब' शुरू किया है. 7 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान का नेतृत्व कैबिनेट मंत्री और विधायक करेंगे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
 पंजाब में 'मिशन क्लीन पंजाब' का आगाज: स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने खुद उठाई झाड़ू, 7 सितंबर तक चलेगा अभियान
Courtesy: @AAPbalbir

पंजाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने 29 अगस्त से 'मिशन क्लीन पंजाब' का शुभारंभ कर दिया है. 10 दिनों तक चलने वाला यह विशेष स्वच्छता अभियान 7 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा. इस दौरान राज्यभर में अत्यधिक कचरा जमा होने वाले स्थानों (गारबेज वल्नरेबल पॉइंट्स) की पहचान कर उनकी गहन सफाई की जाएगी.

स्वास्थ्य मंत्री ने खुद संभाली झाड़ू

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला स्थित थापर चौक पर स्वयं झाड़ू लगाकर और सफाई करके इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की. उन्होंने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी दायित्व नहीं है, बल्कि इसे जनभागीदारी और जनआंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए.

जनप्रतिनिधि करेंगे नेतृत्व और निगरानी

इस 10 दिवसीय अभियान की खास बात यह है कि इसमें कैबिनेट मंत्री और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभालेंगे. जनप्रतिनिधियों को सफाई व्यवस्था की अगुवाई करने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है. सरकार का मुख्य ध्यान उन सार्वजनिक स्थलों पर है जहाँ अक्सर कूड़ा-कचरा जमा होता रहता है.

कचरा मुक्त राज्य बनाने का लक्ष्य

अभियान का प्राथमिक उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है ताकि साफ की गई जगहों पर दोबारा कचरा न फैले. स्थानीय निकायों, सामाजिक संस्थाओं और आम जनता के सहयोग से चलने वाले इस प्रयास से राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार और शहरों को हरा-भरा बनाने की उम्मीद है.