पंजाब कांग्रेस में बदलाव की अटकलों पर विराम, भूपेश बघेल बोले- राजा वारिंग ही रहेंगे अध्यक्ष
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर भूपेश बघेल ने विराम लगा दिया है. उन्होंने साफ कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ही प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर पूरा ध्यान दिया जाएगा.
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई थीं. हालांकि अब पार्टी के पंजाब प्रभारी और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर कोई बदलाव नहीं होगा और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ही आगे भी पंजाब कांग्रेस की कमान संभालते रहेंगे. इसके साथ ही उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता पर भी जोर दिया.
पंजाब दौरे पर पहुंचे कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने साफ कहा कि पार्टी हाईकमान अपना फैसला पहले ही ले चुका है. उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ही पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे. उनके अनुसार, प्रदेश नेतृत्व में बदलाव को लेकर चल रही चर्चाओं का कोई आधार नहीं है.
'यह गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं'
भूपेश बघेल ने नेतृत्व परिवर्तन की मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति कोई गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद फैसला लिया है और इस निर्णय में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में लिए गए बड़े फैसलों को बार-बार बदलने की परंपरा नहीं है.
Also Read
वरिष्ठ नेताओं से संवाद जारी
बघेल ने बताया कि वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा से उनकी बातचीत हो चुकी है. उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों नेताओं से मुलाकात भी करेंगे. जरूरत पड़ने पर वह स्वयं उनके घर जाकर चाय पर चर्चा करने के लिए भी तैयार हैं. उनका कहना था कि संवाद के जरिए सभी मतभेद दूर किए जा सकते हैं.
आलाकमान के फैसले का स्वागत
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पंजाब कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने हाईकमान के फैसले का स्वागत किया है. साथ ही पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्षों को भी शुभकामनाएं दी गई हैं. उन्होंने इसे संगठन की एकजुटता और सामूहिक नेतृत्व का सकारात्मक संकेत बताया.
2027 चुनाव पर संगठन का फोकस
भूपेश बघेल ने कहा कि पंजाब दौरे का मुख्य उद्देश्य 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करना है. उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि सभी नेता मिलकर काम करें और जनता के बीच कांग्रेस को और मजबूत बनाएं.