अमृतसर में दर्दनाक हादसा, जनरेटर से निकली जहरीली गैस ने मचाया कहर; एक की मौत और चार गंभीर
अमृतसर के महा सिंह गेट इलाके में बंद कमरे में रखे जनरेटर से जहरीली गैस फैलने के कारण बड़ा हादसा हो गया. घटना के समय कमरे में पांच लोग खाना खा रहे थे. गैस और धुएं से सभी बेहोश हो गए.
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में एक जनरेटर से निकली जहरीली गैस की वजह से एक बड़ा हादसा हो गया. यह घटना महा सिंह गेट इलाके में हुई, जहां एक बंद कमरे में जनरेटर चल रहा था और उससे जहरीली गैस जमा हो गई. उस समय कमरे में पांच लोग खाना खा रहे थे. गैस और धुएं के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए.
अस्पताल ले जाने पर एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बाकी चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मरने वाले की पहचान खासा निवासी 55 वर्षीय जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से बीमार चारों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है.
बंद कमरे में रखा था जनरेटर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमृतसर के महा सिंह गेट इलाके में 'गांधी ब्रदर्स' (लुधियाना घंटा घर वाले) की लॉटरी की दुकान है. दुकान की तीसरी मंजिल पर एक बंद कमरा था जहां जनरेटर रखा हुआ था. बताया जा रहा है कि कमरे में पांच लोग खाना खा रहे थे, तभी जनरेटर से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा. कमरा बंद होने के कारण गैस और धुआं तेजी से कमरे में फैल गया. कुछ ही देर में वहां मौजूद लोगों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए.
Also Read
- पहली बार पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्राॅफी, 1 नवंबर को भारत-पाकिस्तान में होगा मुकाबला; सभी मैचों की एंट्री फ्री
- पंजाब को बदनाम करने की साजिश! भाजपा की नशा विरोधी रैली से पहले CM मान का पलटवार, बोले- मुंद्रा पोर्ट पर ध्यान दें
- चंडीगढ़ में कल लगेगा जाम, सचिन पायलट की अगुआई में 15 हजार कांग्रेसी करेंगे मंत्री के घर का घेराव
पांचों को अस्पताल ले जाया गया
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग पांचों लोगों को अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने जोगिंदर सिंह को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया. वहीं, हीरा लाल, सुखदेव, आशीष दीप और जगजीत को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है और मेडिकल देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बी-डिविजन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस गैस रिसाव के कारण और किन हालात में जनरेटर को बंद कमरे में रखा गया था, इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है. शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि जहरीली गैस और धुएं के कारण वहां मौजूद लोगों की तबीयत बिगड़ी थी.