हवा में उछली BMW और पल भर में खत्म हो गईं 3 हंसती-खेलती जिंदगियां... मुंबई के इस VIDEO को देख कांप उठेगी रूह!

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया. मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और खंभे से टकराने के बाद ब्रिज की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी.

Reepu Kumari

रविवार की सुबह मुंबई के बहुचर्चित कोस्टल रोड पर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसे देखकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए. तेज रफ्तार के जुनून ने पल भर में तीन नवयुवकों की हंसती-खेलती जिंदगी छीन ली. लाला लाजपत राय कॉलेज के पास हुए इस भयंकर हादसे की तस्वीरें अब सामने आई हैं. अनियंत्रित कार ब्रिज से नीचे गिरकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

तड़के सुबह हुआ खौफनाक हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह भीषण दुर्घटना सुबह करीब सवा पांच बजे लोटस जेटी के पास हुई. मरीन ड्राइव की ओर से आ रही लग्जरी कार जैसे ही मोड़ पर पहुंची, चालक ने उस पर से अपना संतुलन खो दिया. कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछलते हुए सीधे पुल के नीचे जा गिरी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.

तीन की मौत, एक वेंटिलेटर पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को नायर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय धैर्य, 19 वर्षीय आदित्य और 21 वर्षीय शनाय को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे में जीवित बचे 23 वर्षीय आदित्य ओसवाल की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे इस समय अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं.


स्पीडोमीटर की सुई और पुलिस कार्रवाई

प्राथमिक जांच में पुलिस ने खुलासा किया है कि हादसे के वक्त लग्जरी कार की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी. दादरा और नगर हवेली में रजिस्टर्ड इस कार से जुड़ा मामला अब दर्ज कर लिया गया है. ताड़देव पुलिस स्टेशन की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना के हर पहलू और स्पीड लिमिट के उल्लंघन की जांच कर रही है.

आधुनिक एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा

दक्षिण मुंबई को पश्चिमी इलाकों से जोड़ने वाला 10.58 किलोमीटर लंबा यह 8-लेन एक्सप्रेसवे अपनी आधुनिक बनावट के लिए जाना जाता है. मरीन ड्राइव से वर्ली को जोड़ने वाले इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर हुई इस दुखद घटना ने तेज रफ्तार गाड़ियो के नियंत्रण और सुरक्षा उपायों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.