परीक्षा में नकल, फिर IIT बॉम्बे छात्र की मौत; घटना के बाद कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन
IIT Bombay Student Death: मुंबई स्थित IIT बॉम्बे में शुक्रवार शाम एक सेकेंड ईयर के बीटेक स्टूडेंट ने अपने हॉस्टल रूम में आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद कैंपस में स्टूडेंटों ने विरोध प्रदर्शन किया.
IIT Bombay Student Death: मुंबई स्थित IIT बॉम्बे में शुक्रवार शाम एक सेकेंड ईयर के बीटेक स्टूडेंट ने अपने हॉस्टल रूम में आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद कैंपस में स्टूडेंटों ने विरोध प्रदर्शन किया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्टूडेंट परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए नकल करते पकड़ा गया था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्टूडेंट ने परीक्षा के क्वेश्चन पेपर की फोटो या कंटेंट ChatGPT पर अपलोड कर उसके जवाब जानने की कोशिश की थी.
परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद स्टूडेंट से इस विषय पर बातचीत की गई. IIT बॉम्बे ने बताया, स्टूडेंट को बताया गया था कि इस घटना को लेकर उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी. इंस्ट्रक्टर और हेड ऑफ डिपार्टमेंट ने भी स्टूडेंट से बात की और उसे समझाया था. उसे यह आश्वासन दिया गया था कि इस घटना का उसके भविष्य या पढ़ाई पर कोई गलत असर नहीं पड़ेगा.
IIT बॉम्बे ने जताया दुख:
संस्थान ने स्टूडेंट की मौत पर दुख व्यक्त किया है. IIT बॉम्बे ने कहा कि वह स्टूडेंट के फ्रेंड्स, क्लासमेट और टीचर्स को इस घटना की जानकारी दे रहे हैं. संस्थान के अनुसार, मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है. फिलहाल मामले की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read
IIT दिल्ली में भी सामने आया था ऐसा मामला:
इससे पहले पिछले महीने IIT दिल्ली में 31 वर्षीय MSc फिजिक्स स्टूडेंट की आत्महत्या का मामला सामने आया था. रिपोर्ट के अनुसार, स्टूडेंट ने कैंपस की एक इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगाई थी. मामले की जांच के लिए IIT दिल्ली ने एक समिति बनाई है. इस समिति की अध्यक्षता दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश मुक्ता गुप्ता करेंगी.
समिति में AIIMS न्यू दिल्ली के मनोचिकित्सा विभाग के प्रमुख प्रताप शरण, चार स्टूडेंट रिप्रेजेंटेटिव और IIT दिल्ली के रजिस्टर शामिल हैं. समिति को दो हफ्ते में रिपोर्ट देने को कहा गया था. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला भी दर्ज किया है.
IIT और IIM में 122 स्टूडेंटों की मौत:
लोकसभा में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 2014 से 2021 के बीच IITs, IIMs और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में कुल 122 स्टूडेंटों की आत्महत्या से मौत हुई थी. इनमें 24 स्टूडेंट SC, 41 OBC और 3 ST वर्ग से थे.