Bigg Boss 20

'मेरा कोई लेना-देना नहीं...' 6 साल से लग रहे दिशा सालियान की मौत के आरोपों पर आदित्य ठाकरे ने तोड़ी चुप्पी

दिशा सालियान केस की CBI जांच के आदेश के बाद आदित्य ठाकरे ने आरोपों से दूरी बनाई है. उन्होंने कहा कि उनका मामले से कोई संबंध नहीं है. हाईकोर्ट ने जांच के निर्देश दिए हैं.

Pinterest
Meenu Singh

दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के CBI जांच के आदेश के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को नई दिल्ली में आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि पिछले छह साल से उन्हें बदनाम करने की कोशिश हो रही है. वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने मामले से जुड़े लोगों से अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.

आदित्य ठाकरे ने आरोपों से बनाई दूरी

आदित्य ठाकरे ने कहा कि जब उनका मामले से कोई लेना-देना ही नहीं है तो वह इस पर जवाब क्यों दें. उन्होंने दावा किया कि उन्हें पिछले छह साल से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उनका कहना था कि जिस विषय से कोई संबंध न हो, उसे महत्व देना भी जरूरी नहीं है. इससे पहले भाजपा की ओर से ठाकरे समेत कई लोगों पर मामले से जुड़े होने के आरोप लगाए जाते रहे हैं.

हाईकोर्ट ने CBI को सौंपी जांच

बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2 सितंबर को दिशा सालियान की मौत के मामले में FIR दर्ज करने और जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया. मालवणी पुलिस स्टेशन को मामले से जुड़े रिकॉर्ड केंद्रीय जांच एजेंसी को देने के निर्देश भी दिए गए. कोर्ट ने कहा कि जांच के दौरान मजबूत आधार मिलने तक किसी व्यक्ति को आरोपी नहीं माना जा सकता. CBI को जांच के लिए अनुभवी वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त करने को कहा गया है.


दिशा के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

दिशा के पिता सतीश सालियान ने मामले की नए सिरे से जांच की मांग की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप और हत्या हुई तथा मामले को दबाने का प्रयास किया गया. उन्होंने आदित्य ठाकरे समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR की मांग की थी. हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्होंने कहा कि 6 साल से उन्हें इस फैसले का इंतजार था और अब उन्हें कुछ राहत महसूस हो रही है.

मामला 6 साल बाद फिर जांच के घेरे में

दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हुई थी. शुरुआती जांच करीब तीन महीने में बंद कर दी गई थी. सोशल मीडिया पर सामने आए विभिन्न दावों के बाद 2023 में मामले को दोबारा खोला गया और SIT गठित हुई. दिशा की मौत के कुछ दिन बाद अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत भी मृत मिले थे. CBI को आपराधिक मामला नहीं मिलने पर समरी रिपोर्ट दाखिल करनी होगी, जिसे उनके पिता चुनौती दे सकते हैं.