दूसरे पोस्टमार्टम के बाद भोपाल में ट्विशा शर्मा का हुआ अंतिम संस्कार, 13 दिनों बाद मिली विदाई

नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा का आज भोपाल में अंतिम संस्कार किया गया. मौत के 13 दिनों बाद परिवार वालों ने दूसरे पोस्टमार्टम के बाद अपनी बेटी को अंतिम विदाई दे दी.

ANI
Shanu Sharma

ट्विशा शर्मा की मौत के 13 दिनों बाद आज मध्य प्रदेश के भोपाल में उनका अंतिम संस्कार किया गया. परिवार वालों की मांग के बाद हाई कोर्ट के आदेश पर दिल्ली  AIIMS की चार-सदस्यीय टीम ने उनका दूसरा पोस्टमॉर्टम किया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया. 

अपनी बेटी का अंतिम संस्कार करते हुए पिता ने कहा कि मैं इस समय बहुत भावुक हूं. जिसे मैंने अपनी गोद में खिलाया उसे अब मैं कंधा देने जा रहा हूं. यह पल किसी भी पिता के लिए काफी ज्यादा दर्दनाक होता है. मैं अभी कुछ नहीं बोलना चाहता मैं बस सबसे पहले अपनी बेटी को विदाई देना चाहता हूं.

ट्विशा के परिवार वालों ने क्या कहा?

ट्विशा के परिवार वालों का कहना है कि वह अपनी बेटी का अंतिम संस्कार दिल्ली में करना चाहते थे, लेकिन पड़ रही भीषण गर्मी के कारण उन्हें यह योजना टालनी पड़ी. परिवार वालों ने अपनी बेटी के अंतिम संस्कार में खास तौर पर महिलाओं और समाजसेवियों से शामिल होने की अपील की थी. ट्विशा के परिवार वालों का कहना है कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वह ट्विशा के ससुराल वालों के खिलाफ लड़ाई लड़ते रहेंगे.

ट्विशा के परिवार का आरोप है कि ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या की और बाद में उसे आत्महत्या का रूप दे दिया. जिसके कारण वह दोबारा ट्विशा का पोस्टमार्टम कराना चाहते थे. हाईकोर्ट ने इस मामले पर फैसला सुनाते हुए इसके लिए शव को दिल्ली लाने के बजाय एक एक्सपर्ट की टीम को भोपाल भेजा. जिसके बाद दूसरी बार ट्विशा का पोस्टमार्टम किया गया.

मामले की जांच कर रही पुलिस 

ट्विशा के ससुराल वालों की ओर से एक अलग कहानी बताई जा रही है. उसकी सास गिरिबाला सिंह का कहना है कि ट्विशा नशे की आदी थी, हालांकि परिवार वालों की ओर से इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच गंभीरता से कर रही है. ट्विशा का पति समर्थ उसकी मौत के बाद से गायब था, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है. भोपाल के एक स्थानिय अदालत में पेश किए जाने के बाद समर्थ को सात दिनों के लिए रिमांड पर भेज दिया गया है.