सागर में बंदूक की तलाश में पहुंची पुलिस, घर से निकला नोटों का अंबार
सागर में बंदूक की सूचना पर पुलिस ने एक मकान में छापा मारा, लेकिन हथियार नहीं मिला. तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई. रकम करीब एक करोड़ रुपये होने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार को पुलिस की एक कार्रवाई ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया. गोपालगंज थाना क्षेत्र में बंदूक होने की सूचना पर पुलिस एक मकान में पहुंची थी. तलाशी के दौरान हथियार तो नहीं मिला, लेकिन घर के भीतर भारी मात्रा में नकदी देखकर टीम चौंक गई. रकम इतनी ज्यादा थी कि नोट गिनने के लिए मशीन मंगानी पड़ी. फिलहाल नकदी की पूरी गिनती और उसके स्रोत की जांच जारी है.
बंदूक की सूचना पर पहुंची पुलिस
मामला तिली तिगड्डा के पास स्थित एक मकान का है. पुलिस को सोशल मीडिया पर एक युवक की बंदूक के साथ तस्वीर सामने आने और हथियार दिखाने की सूचना मिली थी. इसके बाद गोपालगंज पुलिस ने सौरभ पिता जगदीश अहिरवार के मकान पर दबिश दी. टीम ने पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन किसी तरह का हथियार बरामद नहीं हुआ. इसके बजाय पुलिस को बड़ी मात्रा में नकदी मिली.
नकदी देखकर अधिकारी भी रह गए हैरान
तलाशी के दौरान मिली रकम को देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. शुरुआती अनुमान में नकदी करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. हालांकि वास्तविक रकम का पता नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही चलेगा. नकदी मिलने के बाद घर में मौजूद परिवार के लोगों से पूछताछ की गई. परिवार ने पुलिस को बताया कि पैसा उनके एक रिश्तेदार का है, जो भोपाल में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं.
Also Read
- सो रहे थे पुलिस हेड कांस्टेबल, बिस्तर में छिपे सांप ने 2 बार डंसा; AI की मदद से बची जान
- साल में सिर्फ एक बार खुलेंगे नागचंद्रेश्वर के पट, दर्शन को उमड़ेगा भक्तों का सैलाब; जानें ऑनलाइन बुकिंग से लेकर पूरा रूट
- 'देशद्रोहियों की जान ले लेंगे', स्वतंत्रता दिवस पर गरजे धीरेंद्र शास्त्री; बयान से मची हलचल
नोट गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन
नकदी की मात्रा ज्यादा होने के कारण पुलिस ने मौके पर नोट गिनने की मशीन मंगाई. राजस्व विभाग की टीम को भी कार्रवाई में शामिल किया गया. अधिकारी अब रकम से संबंधित दस्तावेज और उसके स्रोत की जानकारी जुटा रहे हैं. पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी है. जांच का मुख्य बिंदु यही है कि इतनी बड़ी रकम मकान में क्यों रखी गई थी और उसका वास्तविक मालिक कौन है.
पुलिस की जांच के बाद खुलेगा राज
एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि पुलिस को पहले हथियार की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर मकान की तलाशी ली गई. तलाशी में नकदी बरामद हुई और उसकी गिनती की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किसकी है, कहां से आई और क्या उसके संबंध में वैध दस्तावेज मौजूद हैं. जांच पूरी होने के बाद ही नकदी से जुड़े पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी.