मध्य प्रदेश के रीवा जिले में लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. पिछले 24 घंटों में 187 मिलीमीटर से ज्यादा पानी गिरा, जिससे नदियां और नाले उफान पर आ गए. कई इलाकों में सड़क संपर्क टूट गया है और निचले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है.
तेज बारिश के बाद जिले के कई जलाशयों में पानी तेजी से बढ़ा है. बाणसागर को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख छोटे-बड़े जलाशय भर चुके हैं. बीहर नदी के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं. वहीं बकिया बराज के 14, मेजा के 5 और अंदवा बांध के 4 गेट से पानी निकाला जा रहा है. रायपुर कर्चुलियान, गुढ़ और त्योंथर में 120-120 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई.
तराई इलाके में टमस नदी का जलस्तर पटेहरा में खतरे के निशान से करीब ढाई मीटर ऊपर पहुंच गया है. बेलन नदी के साथ उसकी सहायक नदियां नैना और गोरमा भी खतरे का स्तर पार कर चुकी हैं. पिछले 24 घंटे में बेलन नदी का जलस्तर करीब साढ़े सात फीट बढ़ा है. इस वजह से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें तेजी से बढ़ी हैं.
जलस्तर बढ़ने से तराई क्षेत्र की दो दर्जन से अधिक पंचायतों के करीब 50 गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है. रीवा और पड़ोसी मऊगंज जिले के 400 से ज्यादा गांव प्रभावित बताए गए हैं. कई कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना भी सामने आई है. प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में टीमें भेजकर लोगों को निकालना शुरू किया. अब तक 136 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है.
प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए 27 सुरक्षित राहत शिविर बनाए हैं, जहां 2200 से अधिक लोगों को ठहराया गया है. निचले इलाकों से लगातार लोगों को बाहर निकाला जा रहा है. बारिश और जलभराव के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है. मौसम केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों तक रुक-रुककर बारिश जारी रह सकती है. ऐसे में प्रशासन के सामने राहत और बचाव अभियान जारी रखने की बड़ी चुनौती है.