menu-icon
India Daily

लाडली बहनों के खाते में आए 1,750 रुपये, रक्षाबंधन से पहले CM मोहन यादव ने दिया बड़ा तोहफा

मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन से पहले लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को 1,750 रुपये मिले. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अतिरिक्त 250 रुपये के साथ किस्त जारी की और मैहर में विकास कार्यों की सौगात दी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
लाडली बहनों के खाते में आए 1,750 रुपये, रक्षाबंधन से पहले CM मोहन यादव ने दिया बड़ा तोहफा
Courtesy: ANI

मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के लिए रक्षाबंधन से पहले सरकार ने बड़ा तोहफा दिया. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को योजना से जुड़ी सवा करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खातों में 1,750 रुपये की राशि भेजी. इसमें नियमित 1,500 रुपये के साथ त्योहार के कारण 250 रुपये अतिरिक्त शामिल हैं. मैहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. साथ ही मां शारदा लोक गलियारे के पहले चरण का भूमिपूजन भी हुआ.

लाडली बहनों के खाते में पहुंची रकम

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल 1,750 रुपये भेजे. योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिलते हैं, जबकि इस बार 250 रुपये अतिरिक्त दिए गए. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ संवाद किया और गीत भी गाया. सरकार के अनुसार, जून 2023 में योजना शुरू होने के बाद अगस्त 2026 तक 39 किस्तों में 63,248 करोड़ रुपये लाभार्थियों तक पहुंचाए जा चुके हैं.

मैहर को मिली विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने मैहर में 256 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके अलावा मां शारदा लोक गलियारे के पहले चरण की आधारशिला भी रखी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में बदलाव देखने को मिला है. इसी सोच के साथ मैहर में मां शारदा लोक गलियारा विकसित किया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान जन अभियान परिषद के सदस्यों ने उन्हें बड़ी राखी भी भेंट की.

नशे के खिलाफ अभियान पर जोर

मोहन यादव ने कहा कि सरकार अब नशे के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ा रही है. उनके मुताबिक, राज्य के 19 धार्मिक शहरों में शराब की दुकानें बंद की गई हैं. उन्होंने लोगों से बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने और उन्हें बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने नशे को परिवारों के लिए नुकसानदायक बताते हुए समाज से इससे दूरी बनाए रखने का आग्रह किया.

कांग्रेस पर साधा निशाना

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं ने सही दिशा में काम किया होता तो विधानसभा में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल चुका होता. उन्होंने सवाल किया कि महिलाओं के लोकसभा और विधानसभा में आने से किसी को परेशानी क्यों होनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बहनों की भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करेगी.