बाइक रोककर जंगल में घसीटकर ले गए... गुना में दोस्त के साथ जा रही युवती से 6 दरिंदों ने किया गैंग रेप
मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विशेष जांच दल बनाया है और छह टीमों को आरोपितों की तलाश में लगाया गया है.
गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना नेशनल हाईवे 46 के पास बोरखेड़ा जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है.
पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय युवती अपने परिचित युवक के साथ हनुमान टेकरी से दर्शन कर लौट रही थी. रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी बाइक रुकवाई और उन्हें जंगल की ओर ले गए. शिकायत के अनुसार आरोपितों ने युवक को अलग कर बंधक बनाया और युवती के साथ गंभीर अपराध किया. साथ ही दोनों से मोबाइल फोन और अन्य सामान भी छीन लिया गया.
पीड़िता ने अपनी शिकायत में क्या बताया?
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसने आरोपितों का विरोध किया और बचने की पूरी कोशिश की. शोर सुनकर पास में मौजूद पुलिस टीम मौके की ओर पहुंची, जिसके बाद आरोपित जंगल के रास्ते फरार हो गए.
Also Read
- भोपाल में प्रदर्शनकारी किसानों को मिला Gen Z का साथ, बोले- मांगें पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे
- भोपाल में किसानों का महाघेराव! MSP से ई-टोकन तक इन मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन
- सुहागरात पर बहाना फिर शेविंग क्रीम लगाना...परिजनों को हुआ शक, शादी के 25 दिन बाद ऐसे खुला राज; दुल्हन निकली किन्नर
मामले को लेकर पुलिस के शुरुआती बयान और दर्ज एफआईआर के बीच अंतर की भी चर्चा है. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?
गुना की पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल का गठन किया गया है. पुलिस की छह टीमें आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं. घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है.
पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.