menu-icon
India Daily

शादी में शराब नहीं पिलाने पर भड़के पड़ोसी, दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार को पीटा; घरेलू सामान के साथ लूट ले गए रुपए

ग्वालियर के पटाई गांव में शादी के दौरान शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पड़ोसियों ने दूल्हा-दुल्हन और परिवार के साथ मारपीट की और सामान व नकदी लूट ली. दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
शादी में शराब नहीं पिलाने पर भड़के पड़ोसी, दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार को पीटा; घरेलू सामान के साथ लूट ले गए रुपए
Courtesy: Grok AI

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब पड़ोसियों ने शराब नहीं पिलाने पर दूल्हा-दुल्हन और पूरे परिवार पर हमला कर दिया. यह घटना ग्वालियर देहात के आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव की है, जहां 30 मार्च को महेश जाटव की शादी के बाद यह विवाद हुआ.

जानकारी के अनुसार महेश जाटव अपनी दुल्हन को लेकर गांव पहुंचा था और रात में घर पर शादी का भोज चल रहा था. इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग मनोज जाटव, हरनाम, भीम और नवल किशोर जाटव वहां पहुंचे और शादी की खुशी में शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे.

कैसे भड़का विवाद?

परिवार ने जब शराब के लिए पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने गाली गलौज शुरू कर दी. बात बढ़ने पर उन्होंने दूल्हे के परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान दूल्हे की मां शीला जाटव और नई नवेली दुल्हन को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई.

हमले के बाद आरोपियों ने घर में रखा घरेलू सामान और नकदी भी लूट ली. इस दौरान मौके पर मौजूद मेहमानों ने बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

घटना के बाद पीड़ित परिवार ग्वालियर एसपी ऑफिस पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. दूल्हे की मां शीला जाटव ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने केवल शराब के लिए पैसे देने से मना किया था, जिसके बाद आरोपियों ने हमला कर दिया.

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच विवाद शराब के पैसे को लेकर हुआ था. दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और घायलों का मेडिकल कराया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने के बाद यह विवाद हिंसा में बदल गया.

सीएसपी मनीष यादव ने क्या बताया?

सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने समाज में बढ़ती असहिष्णुता और छोटी बातों पर हिंसा की प्रवृत्ति को उजागर कर दिया है.