menu-icon
India Daily

ग्वालियर में तेज रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, 5 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत

ग्वालियर में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 4 घायल हैं. श्रद्धालु शीतला माता मंदिर से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी.

babli
Edited By: Babli Rautela
ग्वालियर में तेज रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, 5 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत
Courtesy: Social Media

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. परशुराम चौराहे के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ऑटोरिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.  यह हादसा इतना भयानक था कि ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे. तभी रास्ते में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो उछलकर पास के नीम के पेड़ से जा टकराया. इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसकी हालत को लेकर डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं.

घटना पर मौजूद लोगों ने बताई पूरी वारदात

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे से पहले स्कॉर्पियो ने बस स्टैंड के पास एक ई रिक्शा को भी टक्कर मारी थी. इसके बाद पुलिस उसकी पीछा कर रही थी. भागते हुए स्कॉर्पियो चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. पूरी घटना कुछ ही सेकंड में घटित हो गई और मौके पर चीख पुकार मच गई.

पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया. मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी.

इस मामले में सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने बताया कि कुल 5 लोगों की मौत हुई है और चार घायलों का इलाज जारी है. पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके.