सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. 16 वर्षीय नाबालिग लड़की जब 5 महीने की गर्भवती पाई गई तो उसने बदनामी से बचने के लिए गैंगरेप का झूठा आरोप लगा दिया. उसने स्कूल के एक शिक्षक और दो अज्ञात नकाबपोशों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया. लेकिन पुलिस की सूझबूझ भरी पूछताछ के सामने उसका झूठ टिक नहीं सका और जो सच सामने आया, वह सबको हैरान कर गया.
मंगलवार शाम को लड़की की दादी उसे तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल ले गईं. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि लड़की 5 महीने की गर्भवती है. यह सुनते ही परिवार सदमे में आ गया. घबराहट में लड़की ने तुरंत स्कूल के एक टीचर और दो नकाबपोशों पर गैंगरेप का आरोप लगा दिया. पुलिस को सूचना मिलते ही टीम अस्पताल पहुंची.
शुरुआती जांच में पुलिस को कई बातें संदिग्ध लगीं. लेडी एसआई प्रीति कुशवाहा ने लड़की से अलग से लंबी पूछताछ की. दबाव कम होने पर लड़की ने सच बता दिया. उसने कबूल किया कि वह गांव के ही एक लड़के के साथ प्रेम संबंध में थी और उसी से वह गर्भवती हुई है. पुलिस की पूछताछ में असल सच्चाई सबके सामने आ गई.
नाबालिग लड़की ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि गर्भवती होने का पता चलने पर उसके प्रेमी ने ही सलाह दी कि वह टीचर और दो नकाबपोशों पर गैंगरेप का आरोप लगा दे, ताकि उनके रिश्ते का पता न चले. इस झूठी कहानी से परिवार और समाज दोनों को बचाने की कोशिश की गई थी. उसने बताया कि प्रेमी के कहने पर ही उसने यह कहानी गढ़ी थी.
सतना पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है. डीएसपी मनोज दीक्षित ने बताया कि पूरा मामला अब साफ हो गया है. पुलिस लड़की के प्रेमी और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है. जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर लोकलाज और जागरूकता की कमी को उजागर किया है.