छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए. हादसा छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर तमरी गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी.
पुलिस के अनुसार सभी पीड़ित मजदूर थे और पिकअप वैन में सवार होकर यात्रा कर रहे थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
लावाघोघरी थाना प्रभारी आफताब खान ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. उप पुलिस अधीक्षक रामेश्वर चौबे ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया.
सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार सुबह लगभग 10 बजे बैतूल-छिंदवाड़ा हाईवे के तेमनी खुर्द क्षेत्र में हुई. एंबुलेंस सेवा के माध्यम से घायलों को तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया.
डॉक्टरों के अनुसार अब तक 20 घायल मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से एक व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. उसकी स्थिति को देखते हुए उसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है.
प्रशासन ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है. पुलिस ट्रक चालक और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है.