इटारसी स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की छत पर चढ़ते ही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलसा युवक

मध्य प्रदेश के इटारसी जंक्शन पर मंगला एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा एक युवक ओवरहेड हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया.

@sirajnoorani X Account
Km Jaya

नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी रेलवे जंक्शन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. आउटर सिग्नल पर खड़ी मंगला एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा एक युवक ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और युवक ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा. 

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हादसे के बाद रेलवे पुलिस, रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

कहां हुई ये घटना?

जानकारी के अनुसार यह घटना इटारसी जंक्शन के सी केबिन के पास आउटर सिग्नल पर हुई, जहां मंगला एक्सप्रेस कुछ समय के लिए रुकी हुई थी. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक अचानक एक युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया. नीचे मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने उसे लगातार नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. 


इससे पहले कि कोई उसे सुरक्षित नीचे उतार पाता, युवक का हाथ ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन के बेहद करीब पहुंच गया और वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया.

डॉक्टरों ने क्या बताया?

करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा. हादसे के तुरंत बाद रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायल युवक को इटारसी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने बताया कि युवक 70 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है. उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

क्या है पूरा मामला?

घायल युवक की पहचान 28 वर्षीय धन बहादुर के रूप में हुई है, जो नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है. वह अपनी पत्नी नेहा और दो छोटे बच्चों के साथ मजदूरी के लिए गोवा जा रहा था. परिवार ने शिमला से यात्रा शुरू की थी और दिल्ली होते हुए गोवा जा रहा था. युवक की पत्नी ने बताया कि दिल्ली से यात्रा शुरू होने के बाद से ही उसके पति का व्यवहार सामान्य नहीं था. 

वह रास्ते भर अजीब तरह की बातें कर रहा था और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी. इसी दौरान इटारसी के पास उसने अचानक ट्रेन की छत पर चढ़ने का कदम उठा लिया, जिसके बाद यह गंभीर हादसा हो गया.

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से क्या की अपील?

रेलवे अधिकारियों ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में ट्रेन की छत पर न चढ़ें. रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन में अत्यधिक हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित होता है और उसके संपर्क में आने या बेहद करीब पहुंचने से भी जानलेवा हादसा हो सकता है. फिलहाल रेलवे पुलिस घटना की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक ट्रेन की छत पर कैसे पहुंचा. वहीं चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.