जबलपुर में मां और बेटे के रिश्ते से जुड़ी एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया. आरोप है कि 75 साल की बुजुर्ग महिला के साथ उनके ही बेटे ने सड़क पर मारपीट की. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और बुजुर्ग महिला को थाने लेकर पहुंची. लेकिन थाने में जो हुआ, उसने पूरे मामले को एक अलग ही मोड़ दे दिया.
जिस बेटे पर मां के साथ मारपीट करने का आरोप था, उसी बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने से बुजुर्ग महिला ने इनकार कर दिया. उन्होंने पुलिस से कहा कि बेटे से उनका विवाद जरूर होता है और वह शराब भी पीता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर वही उनकी देखभाल भी करता है.
मामला जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र के महर्षि वाल्मीकि वार्ड स्थित अशोक विहार कॉलोनी का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय मित्रा विश्वकर्मा सुबह करीब 9 बजे अपने घर से निकलकर पड़ोस की तरफ जा रही थीं. सीसीटीवी फुटेज में कुछ देर बाद बुजुर्ग महिला अपने घर की तरफ लौटती दिखाई देती हैं. उनके पीछे उनका बेटा भी आता नजर आता है. आरोप है कि बेटे ने सड़क पर ही मां को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. फुटेज में कथित तौर पर बेटा बुजुर्ग महिला के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटता हुआ दिखाई देता है. महिला खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आती हैं.
बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान सड़क से लोग गुजर रहे थे. बुजुर्ग महिला के साथ कथित मारपीट का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. बाद में पड़ोसियों के माध्यम से वीडियो सामने आया और पुलिस तक पहुंचा. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुजुर्ग महिला से संपर्क किया. जब पुलिस टीम उनके घर पहुंची तो आरोपी बेटा वहां मौजूद नहीं था. इसके बाद पुलिस महिला को थाने लेकर गई, ताकि घटना के बारे में जानकारी ली जा सके और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जा सके.
थाने पहुंचने के बाद बुजुर्ग महिला ने पुलिस को बताया कि उनके और बेटे के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद रहता है. दोनों के बीच अक्सर कहासुनी भी होती है. हालांकि, जब पुलिस ने बेटे के खिलाफ कार्रवाई की बात कही तो महिला ने शिकायत दर्ज कराने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने बताया कि उनका बेटा शराब जरूर पीता है और कभी कभी उनके साथ विवाद भी करता है, लेकिन जब वह बीमार पड़ती हैं तो वही उनकी देखभाल करता है. बुजुर्ग महिला के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर बेटा उन्हें डॉक्टर के पास लेकर जाता है और इलाज भी करवाता है. इसी वजह से वह अपने बेटे को कानूनी कार्रवाई में फंसाना नहीं चाहतीं.